ईसीआई नेट प्लेटफॉर्म से जानें उम्मीदवारों की शिक्षा और आपराधिक पृष्ठभूमि : चुनाव आयोग | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

ईसीआई नेट प्लेटफॉर्म से जानें उम्मीदवारों की शिक्षा और आपराधिक पृष्ठभूमि : चुनाव आयोग

Date : 04-Apr-2026

नई दिल्ली, 04 अप्रैल। चुनाव आयोग ने नागरिकों से अपील की है कि वे 2026 के आम और उप चुनावों के दौरान उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता, आपराधिक मामले और संपत्ति संबंधी जानकारी जानने के लिए ईसीआई नेट प्लेटफॉर्म का उपयोग करें।

चुनाव आयोग के अनुसार 15 मार्च को असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल की विधानसभाओं के आम चुनाव तथा गोवा, गुजरात, कर्नाटक, महाराष्ट्र, नगालैंड और त्रिपुरा की 8 सीटों पर उपचुनाव की घोषणा की गई थी। नौ अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए असम, केरल और पुडुचेरी में कुल 1,955 उम्मीदवार मैदान में हैं।

तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल (चरण-1) के लिए नामांकन वापसी की अंतिम तिथि 9 अप्रैल है, जबकि पश्चिम बंगाल (चरण-2) के लिए यह तिथि 13 अप्रैल निर्धारित की गई है।

मतदाता ईसीआई नेट के “अपने उम्मीदवारों को जानें (केवाईसी)” मॉड्यूल के जरिए उम्मीदवारों के खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों, उनकी संपत्ति और देनदारियों, शैक्षणिक योग्यता और आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा उम्मीदवारों द्वारा जमा कराया गया पूरा हलफनामा (फॉर्म-26) भी डाउनलोड किया जा सकता है।

ईसीआई ने बताया कि ईसीआई नेट दुनिया का सबसे बड़ा चुनावी सेवा प्लेटफॉर्म है, जो 40 से अधिक ऐप और पोर्टल को एकीकृत कर एक ही मंच पर मतदाता सेवाएं उपलब्ध कराता है। इस प्लेटफॉर्म के जरिए मतदाता पंजीकरण, मतदाता सूची में नाम खोज, आवेदन की स्थिति ट्रैक करना, चुनाव अधिकारियों से संपर्क, ई-ईपीआईसी डाउनलोड, शिकायत निवारण और अन्य सुविधाएं प्राप्त कर सकते हैं।

आयोग ने कहा कि पारदर्शिता बढ़ाने और मतदाताओं को जागरूक बनाने के लिए इस तरह के डिजिटल प्लेटफॉर्म महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement