कठुआ , 04 अप्रैल । उपमंडल दंडाधिकारी (एसडीएम) हीरानगर फुलैल सिंह ने पंचायत मतदाता सूची पुनरीक्षण के तहत विभिन्न मतदान केंद्रों—चक भगवाना और चक गोपाल का व्यापक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने बूथ लेवल अधिकारियों और पंचायत चुनाव बूथ अधिकारियों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया जो आम नागरिकों को मतदाता विवरण के अद्यतन व सत्यापन में सहायता प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों व स्थानीय लोगों से बातचीत कर जागरूकता और सुविधाओं की स्थिति का आकलन किया।
यह निरीक्षण जिला पंचायत चुनाव अधिकारी कठुआ राजेश शर्मा के निर्देशों तथा राज्य चुनाव आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के तहत किया गया।
एसडीएम ने अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए अधिकारियों को सभी पात्र मतदाताओं को पूर्ण सहयोग देने के निर्देश दिए। साथ ही अभिलेखों के समुचित रख-रखाव और नामांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने की हिदायत दी।
उन्होंने निष्पक्ष, स्वतंत्र और समावेशी चुनाव प्रक्रिया के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराते हुए लोगों से अपील की कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने मतदाता विवरण का सत्यापन व संशोधन अवश्य कराएं।
