केरल में डबल इंजन सरकार से विकास को मिलेगी रफ्तार: नरेन्द्र मोदी | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

केरल में डबल इंजन सरकार से विकास को मिलेगी रफ्तार: नरेन्द्र मोदी

Date : 04-Apr-2026

 तिरुवल्ला, 04 अप्रैल। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को केरल के तिरुवल्ला में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य में सत्ता परिवर्तन का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा-नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बनने पर विकास कार्यों में आ रही सभी बाधाएं दूर होंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनावों में केरल की जनता “ऐतिहासिक बदलाव” के लिए तैयार है।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत केरल की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराओं को नमन करते हुए की। उन्होंने श्री वल्लभम मंदिर, संत तिरुवल्लुवर, सबरीमाला और स्वामी अयप्पा को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि राज्य में इस बार चुनावी माहौल बदला हुआ नजर आ रहा है और लोगों में राजग के प्रति समर्थन स्पष्ट दिख रहा है।

मोदी ने कहा कि पूर्वोत्तर के राज्यों और गोवा में, जहां ईसाई आबादी भी महत्वपूर्ण संख्या में है, राजग सरकारों ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। पिछले 50-60 वर्षों में जो काम नहीं हुआ, वह राजग सरकारों ने करके दिखाया है। उन्होंने दावा किया कि केरल में भी राजग सरकार बनने पर राज्य विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा और किसानों व मछुआरों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

प्रधानमंत्री ने राज्य की वामपंथी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सबरीमाला रेल परियोजना में अनावश्यक देरी की गई है, जिससे तिरुवल्ला और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को नुकसान हुआ है। यह परियोजना न केवल श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि इससे स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि “डबल इंजन” सरकार बनने पर इस परियोजना से जुड़ी सभी अड़चनें दूर कर दी जाएंगी।

राज्य के बुनियादी ढांचे की स्थिति पर चिंता जताते हुए मोदी ने कहा कि सड़कों, पुलों और स्वास्थ्य सुविधाओं की हालत खराब है। उन्होंने आरोप लगाया कि एलडीएफ और यूडीएफ सरकारों ने लंबे समय तक इस क्षेत्र की उपेक्षा की है, जिससे लोगों के जीवन स्तर पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने अपने कार्यकाल में केरल को पहले की तुलना में पांच गुना अधिक धनराशि दी है, लेकिन उसका अपेक्षित लाभ जनता तक नहीं पहुंच पाया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि केरल के सामने सबसे बड़ी चुनौती युवाओं का रोजगार के लिए बड़े पैमाने पर पलायन है। उन्होंने कहा कि राज्य को उद्योग, सेवा क्षेत्र, स्टार्टअप और कौशल विकास पर ध्यान देने की जरूरत है, ताकि युवाओं को अपने ही राज्य में अवसर मिल सकें। उन्होंने कहा कि केरल को आगे बढ़ने के लिए भ्रष्टाचार और सांप्रदायिक राजनीति जैसी बाधाओं को हटाना होगा।

महिला सशक्तिकरण का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि राजग सरकार की नीतियों का सबसे अधिक लाभ महिलाओं को मिला है। सरकार ने शौचालय निर्माण, जनधन खातों की सुविधा, महिलाओं के नाम पर घर, मुद्रा योजना के तहत ऋण और स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा देने जैसे कई कदम उठाए हैं। ‘लखपति दीदी’ योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अब तक करोड़ों महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हुई हैं और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

प्रधानमंत्री ने संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की प्रतिबद्धता दोहराई और कहा कि इस दिशा में केंद्र सरकार ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से इस पहल का समर्थन करने की अपील की।

विदेश नीति और खाड़ी देशों में रह रहे भारतीयों की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार वहां की सरकारों के साथ लगातार संपर्क में है और हर भारतीय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसके कुछ नेताओं के बयान ऐसे समय में गैर-जिम्मेदाराना हैं, जब पश्चिम एशिया में तनाव की स्थिति है और लाखों भारतीय वहां काम कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने बताया कि ईरान और पश्चिम एशिया के अन्य क्षेत्रों में फंसे भारतीय मछुआरों को सुरक्षित वापस लाने के प्रयास जारी हैं। हमारे लिए उनके जीवन की सुरक्षा सर्वोपरि है और सरकार हर संभव प्रयास कर रही है कि वे सकुशल लौटें।

राजनीतिक विरोधियों पर हमला करते हुए मोदी ने कहा कि एलडीएफ और यूडीएफ दोनों ही विकास के मुद्दे पर विफल रहे हैं और अब जनता उन्हें जवाब देने के लिए तैयार है। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों गठबंधन एक-दूसरे पर आरोप लगाते हैं, लेकिन वास्तविकता यह है कि वे राज्य के विकास में बाधा बने हुए हैं।

प्रधानमंत्री ने सबरीमाला मंदिर से जुड़े कथित मुद्दों का भी जिक्र किया और कहा कि यदि राजग सरकार बनती है तो इन मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को न्याय मिलना चाहिए और आस्था के साथ किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने केरल की जनता से राजग को समर्थन देने की अपील की और विश्वास जताया कि राज्य में जल्द ही नई सरकार बनेगी, जो विकास, सुशासन और पारदर्शिता के नए मानक स्थापित करेगी।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement