साझा सुरक्षा हितों पर रक्षा संबंध मजबूत करने अमेरिका दौरे पर गए वायु सेना प्रमुख | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

साझा सुरक्षा हितों पर रक्षा संबंध मजबूत करने अमेरिका दौरे पर गए वायु सेना प्रमुख

Date : 06-Apr-2026

 नई दिल्ली, 06 अप्रैल । वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह भारत-यूएस के बीच रक्षा साझेदारी मजबूत करने के उद्देश्य से अमेरिका की यात्रा पर पहुंचे हैं। उनका स्वागत अमेरिका में भारतीय राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने किया। उनका यह दौरा यूएस-इंडो पैसिफिक कमांड के कमांडर एडमिरल सैमुअल जे पापारो के 14-19 फरवरी तक भारत दौरे के बाद हो रहा है, ताकि देशों के करीबी सैन्य संबंधों को मजबूत किया जा सके।

भारतीय राजदूत ने एक्स पोस्ट पर लिखा कि वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह भारत-अमेरिकी रक्षा साझेदारी को और मजबूत करने और दोनों वायु सेनाओं के बीच मजबूत और बढ़ते संबंधों को बनाए रखने के लिए अमेरिका का अपना दौरा शुरू कर रहे हैं। वायु सेना प्रमुख का यह दौरा यूएस-इंडो पैसिफिक कमांड के कमांडर एडमिरल सैमुअल जे पापारो के 14-19 फरवरी तक भारत दौरे के बाद हो रहा है, ताकि भारत-अमेरिकी साझा सुरक्षा हितों पर सहयोग करने के साथ ही देशों के करीबी सैन्य संबंधों को मजबूत किया जा सके।

एडमिरल पापारो के भारतीय दौरे का मकसद भी भारत-अमेरिका के साझा सुरक्षा हितों पर सहयोग करना और देशों के करीबी सैन्य रिश्तों को मजबूत करना था। वह भारत दौरे के समय अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर के साथ 16 फरवरी को भारतीय सेना के वेस्टर्न कमांड चंडीमंदिर पहुंचे और सेना के इंटिग्रेटेड डिफेंस स्टाफ (आईडीएस) हेडक्वार्टर भी गए। उन्होंने चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान से मुलाकात में भारत-अमेरिका की मजबूत और बढ़ती रक्षा साझेदारी को फिर से पक्का किया, जो साझा सामरिक हितों और क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता के लिए प्रतिबद्धता पर आधारित है। दोनों नेताओं ने आपसी सैन्य सहयोग, इंटरऑपरेबिलिटी और संयुक्त ऑपरेशनल क्षमताओं को बढ़ाने पर बातचीत की।

इसी तरह बेंगलुरु के दौरे पर उन्होंने क्षेत्रीय सुरक्षा को आगे बढ़ाने और जमीन, समुद्र, हवा, अंतरिक्ष और साइबर स्पेस डोमेन में सैन्य अंतरसंचालनीयता को मजबूत करने में भारत की अहम भूमिका पर जोर दिया। इस दौरे के समय हुईं चर्चाएं आपसी हितों के क्षेत्रों पर केंद्रित थीं, जिसमें एक आजाद और खुले इंडो-पैसिफिक क्षेत्र की सुरक्षा में भारत का योगदान भी शामिल था। एडमिरल पापारो ने भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के साथ भारत के वेस्टर्न कमांड के दौरे पर भारत के पश्चिमी और उत्तरी फ्रंट पर ऑपरेशनल सुरक्षा गतिशीलता पर चर्चा की।

वायु सेना प्रमुख का यह अमेरिकी दौरा यूएस-इंडो पैसिफिक कमांड के कमांडर एडमिरल सैमुअल जे पापारो के भारत दौरे के समय हुई चर्चाओं को आगे बढ़ाने के मकसद से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वह इस दौरान अमेरिका के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के साथ मुलाकात में साझा सामरिक हितों, क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता के लिए प्रतिबद्धता पर आधारित वार्ता करेंगे। साथ ही आपसी सैन्य सहयोग, इंटरऑपरेबिलिटी और संयुक्त ऑपरेशनल क्षमताओं को बढ़ाने पर भी बातचीत होगी। तेजस मार्क-1ए के लिए एफ-404 इंजन में देरी के मुद्दे पर भी अमेरिकी कंपनी जीई एयरोस्पेस से बात हो सकती है, क्योंकि वे इंजन की देरी से विमानों की आपूर्ति न होने के मुद्दे पर काफी मुखर रहे हैं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement