केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता किरेन रिजिजू ने आरोप लगाया कि सभी विपक्षी दल लगातार सरकारी एजेंसियों, चुनाव आयोग, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों, मीडिया पर हमले कर रहे हैं और अब न्यायपालिका को निशाना बना रहे हैं। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में रिजिजू ने कहा कि इन दलों को यह एहसास नहीं है कि वे देश के लोकतंत्र की नींव पर हमला कर रहे हैं। रिजिजू ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में 1975 में आपातकाल लगाया गया था। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के दौरान शीर्ष संवैधानिक अधिकारियों और एजेंसियों के प्रमुखों की नियुक्ति सीधे सरकार द्वारा की जाती थी, जबकि वर्तमान प्रणाली में नियुक्तियां एक समिति के माध्यम से होती हैं। उन्होंने आगे कहा कि देश की जनता कांग्रेस की सच्चाई से वाकिफ है और उन्हें मुंहतोड़ जवाब देगी और उन्हें जीवन भर का सबक सिखाएगी।
