कोरबा, 13 मई । न्यू एरा प्रोग्रेसिव स्कूल, कोरबा के विद्यार्थियों ने सीबीएसई बोर्ड कक्षा 12वीं परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। इस वर्ष विद्यालय से कॉमर्स संकाय में अध्ययनरत छात्रा गोविंदवती टोप्पो ने 94.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं विज्ञान संकाय की छात्रा माया सोनी ने 93.6 प्रतिशत अंक अर्जित कर शानदार प्रदर्शन किया।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का यह परिणाम है। परीक्षा परिणाम में पांच विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि 31 छात्र-छात्राओं ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर विद्यालय को गौरवान्वित किया।
विद्यालय के चेयरमैन किशोर कुमार साहू ने सभी विद्यार्थियों को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता निरंतर प्रयास, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का परिणाम है।
डायरेक्टर दिलीप कुमार साहू ने भी विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ संस्कार और उत्कृष्ट वातावरण प्रदान करने के लिए लगातार प्रयासरत है।
प्राचार्य डॉ. एस. राव ने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह विद्यालय के सकारात्मक शैक्षणिक माहौल और समर्पित शिक्षकों की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
उपप्राचार्य केशव हरिट सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं गैर-शिक्षकीय स्टाफ ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। विद्यालय परिवार ने इस शानदार परिणाम के लिए सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं स्टाफ सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
