मणिपुर में पूर्वी इंफाल जिले के अलग-अलग हिस्सों से चार उग्रवादी गिरफ्तार | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

मणिपुर में पूर्वी इंफाल जिले के अलग-अलग हिस्सों से चार उग्रवादी गिरफ्तार

Date : 13-May-2026

 इंफाल, 13 मई । मणिपुर में शांति व्यवस्था को कायम करने के लिए पुलिस एवं सुरक्षा बलों का अभियान लगातार जारी है। इस कड़ी में राज्य के अलग-अलग हिस्सों में चलाए गये बीते 24 घंटों के दौरान चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है।

मणिपुर पुलिस मुख्यालय ने बुधवार काे जारी आधिकारिक बयान में बताया कि 12 मई को सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित संगठन पीपुल्स रिवोल्यूशनरी पार्टी ऑफ कांगलेइपाक (प्रीपाक) के एक सक्रिय कैडर नेप्रम दिजामणि मैतेई (52) को गिरफ्तार किया गया। वह इंफाल पूर्वी जिले के बाशिखोंग तोरबन लेइकाई का रहने वाला है और उसे इंफाल पश्चिमी जिले के सिंगजामेई पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कांचीपुर सुपर मार्केट इलाके से पकड़ा गया। उसके पास से प्रीपाक के 11 मांग पत्र बरामद किए गए, जिन पर प्रीपाक के वित्त विभाग के स्वयंभू 'राजस्व प्रमुख' चांगखोनबा मैतेई के हस्ताक्षर थे; साथ ही उसके पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।

इसी कड़ी में 12 मई को ही सुरक्षा बलों ने मणिपुर राष्ट्रीय क्रांतिकारी मोर्चा (एनआरएफएम) नामक संगठन के एक सक्रिय कैडर निंगथौजम थोइबा मैतेई उर्फ 'टन' (27) को गिरफ्तार किया। उसे पोरोमपत पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चेकॉन क्रॉसिंग इलाके से पकड़ा गया। वह मूल रूप से चुराचांदपुर जिलांतर्गत चुराचांदपुर पुलिस थाना क्षेत्र के खुमुजंबा लेइकाई का रहने वाला है और वर्तमान में इंफाल पूर्वी जिले के न्यू चेकॉन में रह रहा था।

एक अन्य अभियान में 12 मई को सुरक्षा बलों ने कांगलेइपाक कम्युनिस्ट पार्टी -पीपुल्स वॉर ग्रुप (केसीपी-पीडब्ल्यूजी) के एक सक्रिय कैडर खुलेम श्याम सिंह (23) को गिरफ्तार किया। वह इंफाल पूर्वी जिले के कोंगपाल चिंगांगबम लेइकाई का रहने वाला है और उसे इंफाल पश्चिमी जिले के लाम्फेल पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लांगोल लाइमनाई से पकड़ा गया। उसके पास से दो मोबाइल फोन और एक आधार रसीद जब्त की गई।

सुरक्षा बलों ने 12 मई को एक अन्य अभियान में उग्रवादी संगठन कांगलेई यावोल कन्ना लुप (केवाईकेएल) के एक सक्रिय कैडर तोइजम सनमणि मैतेई (48) को गिरफ्तार किया। वह इंफाल पूर्वी जिले के नोंगदा अवांग लेइकाई का रहने वाला है और उसे इंफाल पूर्वी जिले के लामलाई पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नोंगदा माखा लेइकाई इलाके से पकड़ा गया।

पुलिस सभी मामलों में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement