'शब्द' पुरस्कारों के लिए प्रविष्टियां आमंत्रित | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

'शब्द' पुरस्कारों के लिए प्रविष्टियां आमंत्रित

Date : 13-May-2026

 बेंगलुरु (कर्नाटक), 13 मई। बेंगलुरु के हिंदी रचनाकारों की प्रसिद्ध संस्था 'शब्द' ने उत्कृष्ट साहित्य लेखन और हिंदी के संवर्द्धन के लिए शुरू किए गए अपने दो वार्षिक पुरस्कारों के लिए प्रविष्टियां आमंत्रित की है। इनमें पहला पुरस्कार एक लाख रुपये का ''अज्ञेय शब्द सृजन सम्मान'' है। यह सम्मान देश के किन्हीं एक मूर्द्धन्य साहित्यकार को दिया जाता है। पच्चीस हजार रुपये का दूसरा पुरस्कार ''दक्षिण भारत शब्द हिंदी सेवी सम्मान'' है। इसे दक्षिण भारत में हिंदी भाषा और साहित्य के संवर्द्धन में उल्लेखनीय योगदान के लिए किन्हीं एक विशिष्ट हिंदी सेवी को प्रदान किया जाता है। 'शब्द' के अध्यक्ष डॉ. श्रीनारायण समीर ने आज जारी विज्ञप्ति में यह जानकारी दी।

विज्ञप्ति के अनुसार ''अज्ञेय शब्द सृजन सम्मान - 2026'' के लिए योग्य रचनाकार का चयन देश के प्रतिष्ठित साहित्यकारों, संपादकों, विद्वानों, प्रकाशन संस्थानों से अनुशंसित रचनाकारों के साहित्यिक अवदान और विगत तीन वर्षों (2023 से 2025) में प्रकाशित उनकी कृतियों के पारदर्शी मूल्यांकन के आधार पर किया जाएगा। प्रस्तावित प्रविष्टि में रचनाकार का नाम और संपर्क पता (मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी सहित), विगत तीन वर्षों में प्रकाशित पुस्तक का विवरण और उसकी विशेषता (प्रकाशक का नाम और पता, मोबाइल / फोन / ई-मेल आई डी सहित) और रचनाकार के समग्र अवदान का संक्षिप्त विवरण (अधिकतम 200 शब्दों में ) अपेक्षित होगा । प्रविष्टि के साथ संबंधित पुस्तक की चार प्रतियां भेजना जरूरी होंगी।

''दक्षिण भारत शब्द हिंदी सेवी सम्मान - 2026'' के लिए योग्य हिंदी सेवी का चयन दक्षिण भारत में रहने वाले हिंदी सेवियों / सर्जकों के बीच से किया जाएगा। यह चयन दक्षिण भारत के प्रतिष्ठित साहित्यकारों / संपादकों / विद्वानों / सार्वजनिक जीवन के प्रतिष्ठित नागरिकों के अनुशंसित नामों में से किया जाएगा। इसका आधार हिंदी के विकास एवं संवर्द्धन में संबंधित का अवदान तथा विगत वर्षों में उनकी उपलब्धियों का पारदर्शी मूल्यांकन होगा। अनुशंसा - प्रविष्टियां ''अध्यक्ष : शब्द, बी - 8 / 403, श्रीराम स्पंदन, चेलघट्टा, बेंगलूरु- 560037'' के पते पर आगामी 30 जून, 2026 तक मिल जानी चाहिए।

'शब्द' के अध्यक्ष डॉ. समीर के अनुसार, 'शब्द' साहित्यिक संस्था के प्रति बेंगलुरु के साहित्य-प्रेमी समाज के भरोसे का ही प्रमाण है कि ''अज्ञेय शब्द सृजन सम्मान'' का व्यय वहन नगर का प्रसिद्ध समाजसेवी और महान आधुनिक कवि-लेखक सच्चिदानंद हीरानंद वात्स्यायन अज्ञेय-साहित्यअनुरागी 'श्री बाबूलाल गुप्ता फाउंडेशन'' करता है।

''दक्षिण भारत शब्द हिंदी सेवी सम्मान'' का व्यय वहन बेंगलुरु और चेन्नई से प्रकाशित प्रमुख हिंदी दैनिक समाचार पत्र 'दक्षिण भारत राष्ट्रमत' करता है। शेष व्यय का वहन 'शब्द' के सदस्यगण अपनी स्वेच्छा से करते हैं। शब्द पुरस्कारों की शुरुआत संस्था के ऐतिहासिक रजत जयंती वर्ष 2022 में हुई। शब्द की मासिक रचना गोष्ठी और वार्षिक समारोह के आयोजन का सिलसिला संस्था के स्थापना काल 13 जुलाई,1997 से अनवरत जारी है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement