विदेश मंत्री ने चिली के समकक्ष से की मुलाकात, द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

विदेश मंत्री ने चिली के समकक्ष से की मुलाकात, द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा

Date : 13-May-2026

 नई दिल्ली, 13 मई । विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ब्रिक्स देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने आए चिली के विदेश मंत्री फ्रांसिस्को पेरेज मैक्केना से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने बाजार और स्रोतों में विविधता लाने तथा प्राथमिकता वाली वस्तुओं के निर्यात को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर चर्चा की।

इस द्विपक्षीय मुुलाकात की जानकारी देते हुए विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर ने एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा कि उन्होंने आपसी सहयोग को मजबूत करने पर बहुत अच्छी चर्चा की। इसमें बाजार और स्रोतों में विविधता लाने, प्राथमिक वस्तुओं के निर्यात को बढ़ावा देने और सेवाओं की अर्थव्यवस्था को सुगम बनाने जैसे विषय शामिल रहे। जयशंकर ने बताया कि दोनों देशों ने बहुपक्षीय और बहुस्तरीय प्रारूपों में मिलकर काम करने पर सहमति जताई।

उल्लेखनीय है कि फ्रांसिस्को पेरेज मैक्केना ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की 14 और 15 मई को यहां होने वाली दो दिवसीय बैठक में भाग लेने के लिए भारत आए हैं। बैठक की अध्यक्षता विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर करेंगे। इसमें ब्राजील, रूस, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथोपिया और इंडोनेशिया के विदेश मंत्री शामिल होंगे। संयुक्त अरब अमीरात और ईरान की ओर से उप विदेश मंत्री स्तर का प्रतिनिधिमंडल आने की संभावना है, जबकि चीन का शेरपा प्रतिनिधिमंडल भाग लेगा।

बैठक के दौरान ब्रिक्स सदस्य देशों के विदेश मंत्री आपसी हित के वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान‑प्रदान करेंगे। कार्यक्रम के तहत 14 मई को दोपहर 1 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सेवा तीर्थ में सभी विदेश मंत्रियों की संयुक्त मुलाकात होगी। इसके बाद 3 बजकर 10 मिनट पर दूसरे सत्र की शुरुआत होगी और शाम 7 बजे भारत मंडपम में डॉ जयशंकर की ओर से रात्रिभोज का आयोजन होगा। 15 मई को सुबह 10 बजे तीसरे सत्र की शुरुआत होगी।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement