बिहार स्टेट मिल्क को-ऑपरेटिव फेडरेशन ने सुधा दूध की कीमतों में दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

बिहार स्टेट मिल्क को-ऑपरेटिव फेडरेशन ने सुधा दूध की कीमतों में दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की

Date : 22-May-2026

 पटना, 22 मई । बिहार स्टेट मिल्क को-ऑपरेटिव फेडरेशन ( कंफेड) ने सुधा दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें लागू होने के बाद अब ग्राहकों को हर लीटर दूध पर 2 रुपये ज्यादा खर्च करने होंगे। इससे पहले अमूल ने भी दो रूपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। दरें 22 मई सुबह से लागू हो गई है।

पहले सुधा गोल्ड दूध 65 रुपये प्रति लीटर मिलता था, जिसकी कीमत अब बढ़कर 67 रुपये प्रति लीटर हो गई है। सुधा शक्ति दूध जो पहले 57 रुपये प्रति लीटर बिक रहा था, अब ग्राहकों को 59 रुपये प्रति लीटर खरीदना पड़ेगा।

इसके अलावा कॉउ मिल्क की कीमत में भी 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। पहले यह दूध 54 रुपये प्रति लीटर मिलता था, जो अब 56 रुपये प्रति लीटर हो गया है।

राजधानी पटना समेत बिहार के कई जिलों में सुधा के अलावा आशीर्वाद समेत अन्य डेयरी कंपनियों के उत्पाद भी बिकते हैं। माना जा रहा है कि सुधा दूध के दाम बढ़ने के बाद दूसरी कंपनियां भी जल्द अपने दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर सकती हैं।

दूध की कीमत बढ़ने के बीच राहत की बात यह है कि फिलहाल पनीर, खोवा, छेना और उनसे बनने वाली मिठाइयों की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यानी उपभोक्ताओं को इन उत्पादों के लिए अभी अतिरिक्त पैसे नहीं चुकाने होंगे।

कंफेड के अधिकारियों ने बताया कि उत्पादन और परिचालन लागत में बढ़ोतरी के कारण कीमतों में बदलाव करना ज़रूरी हो गया था। उन्होंने पशु आहार की कीमतों और परिवहन खर्च में हुई भारी बढ़ोतरी का हवाला दिया, जिससे इनपुट लागत काफ़ी बढ़ गई है। अधिकारियों ने आगे कहा कि पिछले कुछ सालों से डेयरी क्षेत्र लगातार बढ़ती लागत का सामना कर रहा है, जिसके चलते खुदरा कीमतों में समय-समय पर बदलाव करने पड़ रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि पिछले दो सालों में सुधा द्वारा कीमतों में किया गया यह तीसरा बदलाव है। इससे पहले, 21 मई 2025 को, इस सहकारी संस्था ने बिहार में दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की थी।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement