राजस्थान के तापमान में हल्की गिरावट के बावजूद हीटवेव से राहत नहीं | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

राजस्थान के तापमान में हल्की गिरावट के बावजूद हीटवेव से राहत नहीं

Date : 22-May-2026

 जयपुर, 22 मई । राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर जारी है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान में हल्की गिरावट आ गई है, लेकिन लोगों को हीटवेव और तेज गर्म हवाओं से राहत नहीं मिल पा रही। जैसलमेर, चूरू, बीकानेर, भीलवाड़ा और कोटा समेत कई शहरों में तापमान सामान्य के आसपास या उससे थोड़ा नीचे पहुंचा, फिर भी दिनभर लू का असर बना रहा।

मौसम विभाग ने आगामी एक सप्ताह तक प्रदेश में तेज गर्मी बने रहने की चेतावनी जारी की है।

विभाग के अनुसार 24 मई के बाद हीटवेव और अधिक गंभीर रूप ले सकती है। वहीं, उत्तर-पूर्वी राजस्थान के कुछ जिलों में शुक्रवार और शनिवार को हल्की बारिश और तेज आंधी की संभावना जताई गई है।

पिछले 24 घंटे में राज्यभर में आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने से गर्मी का असर बढ़ा रहा। जोधपुर, बीकानेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कई इलाकों में हीटवेव महसूस की गई। सबसे अधिक तापमान श्रीगंगानगर में 45.1 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ का असर आज से दिखाई दे सकता है। इसके प्रभाव से श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश और तेज आंधी चलने की संभावना है।

राजधानी जयपुर में गुरुवार को दिनभर तेज धूप और लू का असर बना रहा। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस मापा गया। गर्म हवाओं के कारण दोपहर में सड़कों पर आवाजाही कम रही, जबकि शाम ढलने के बाद बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर चहल-पहल बढ़ी। लेकसिटी उदयपुर में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह से ही तेज गर्मी महसूस होने लगी। धूप से बचने के लिए लोग छाते और अन्य उपायों का सहारा लेते नजर आए।

कोटा में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 31.4 डिग्री मापा गया। तेज धूप और गर्म हवाओं से जनजीवन प्रभावित रहा। अभेड़ा बायोलॉजिकल पार्क में वनकर्मी जानवरों पर पानी का छिड़काव कर उन्हें राहत पहुंचाते दिखे। शहर में सार्वजनिक वाटर कूलर्स पर भी दिनभर लोगों की भीड़ लगी रही। अलवर में पारा 44 डिग्री तक पहुंच गया। दिनभर गर्म हवाएं चलती रहीं, जिससे लोग घरों में ही रहने को मजबूर दिखे। हालांकि शाम के समय हल्की हवा चलने से कुछ राहत महसूस हुई।

शेखावाटी क्षेत्र में भी गर्मी लगातार बढ़ रही है।

सीकर में अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आईं और सबसे अधिक परेशानी कोचिंग जाने वाले विद्यार्थियों को उठानी पड़ी। जोधपुर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के करीब मापा गया। शहर में गर्मी के साथ उमस भी बनी हुई है। मौसम विभाग ने अगले चार-पांच दिनों तक तापमान में और बढ़ोतरी तथा हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।

भीषण गर्मी के चलते प्रदेश में पानी की खपत तेजी से बढ़ रही है। पीने, नहाने, साफ-सफाई और खाना पकाने में अधिक पानी इस्तेमाल होने से कई क्षेत्रों में जल संकट गहराने लगा है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement