गर्मी से बेहाल हिमाचल में बदला मौसम, शिमला-मनाली सहित कई जगह बारिश और तेज हवाएं, अलर्ट | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

गर्मी से बेहाल हिमाचल में बदला मौसम, शिमला-मनाली सहित कई जगह बारिश और तेज हवाएं, अलर्ट

Date : 22-May-2026

 शिमला, 22 मई । कुछ दिनों से भीषण गर्मी और लू की चपेट में रहे हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। राजधानी शिमला समेत कई इलाकों में सुबह से तेज हवाएं चलती रहीं और हल्की बारिश हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बादलों के बरसने और ठंडी हवाएं चलने से लोगों ने राहत की सांस ली। पिछले तीन दिनों से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा था और लोग बारिश का इंतजार कर रहे थे।

शिमला में सुबह आसमान में बादल छाए रहे और कई जगह हल्की बारिश हुई। तेज हवाओं के कारण मौसम ठंडा हो गया। पिछले कल शिमला का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था, जो सामान्य से करीब पांच डिग्री ज्यादा था। राजधानी में पिछले दो दिनों से गर्मी लोगों को परेशान कर रही थी। ऊना और शिमला सहित कई जगह लू जैसी स्थिति भी दर्ज की गई थी।

चंबा में भी सुबह से रुक-रुक कर बारिश होती रही और तेज हवाएं चलीं। बारिश होने से पिछले कई दिनों से पड़ रही प्रचंड गर्मी से लोगों को राहत मिली। पर्यटन नगरी मनाली और आसपास के इलाकों में भी मौसम बदला और हल्की बारिश शुरू हुई। मौसम ठंडा होने से स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने राहत महसूस की। हमीरपुर, ऊना बिलासपुर, मंडी और कांगड़ा जिलों में भी सुबह से हल्की बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहा।

दरअसल, पिछले तीन-चार दिनों में हिमाचल के पहाड़ी इलाकों में भी मैदानी क्षेत्रों जैसी गर्मी महसूस की जा रही थी। ऊना प्रदेश का सबसे गर्म जिला बना हुआ था, जहां बुधवार को तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हमीरपुर के नेरी में पारा 41 डिग्री तक पहुंच गया था। सुंदरनगर, मंडी, नाहन, कांगड़ा और सोलन में भी तापमान सामान्य से काफी ऊपर चल रहा था। शिमला, मनाली और कल्पा जैसे ठंडे इलाकों में भी दिन और रात दोनों समय गर्मी महसूस की जा रही थी।

मौसम विभाग ने आज व कल के लिए प्रदेश के अधिकांश जिलों में खराब मौसम का अलर्ट जारी किया है। आज चंबा, कांगड़ा, ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, सोलन, शिमला, सिरमौर, कुल्लू और मंडी जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, एक या दो दौर की तेज बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं लाहौल-स्पीति और चंबा के कुछ हिस्सों तथा चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और शिमला के ऊंचे इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का येलो अलर्ट है।

मौसम विभाग के अनुसार 23 मई को भी कई इलाकों में बारिश और आंधी का दौर जारी रह सकता है। 24 और 25 मई को मैदानी इलाकों को छोड़कर प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है। 26 मई को केवल ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम खराब रह सकता है, जबकि 27 मई से पूरे प्रदेश में मौसम साफ होने का अनुमान है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement