कोरबा, 1 जून । सर्वमंगला-कनबेरी मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह सोनपुरी पुल के पास कागजों से भरी एक मिनी ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चालक बाल-बाल बच गया और उसे केवल मामूली चोटें आईं। ट्रक में लदा कागज सड़क पर बिखर गया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार मिनी ट्रक कागजों का लोड लेकर सर्वमंगला-कनबेरी मार्ग से बिलासपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान सोनपुरी पुल के समीप सड़क पर बने अधूरे स्पीड ब्रेकर के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक पलट गई।
हादसे के बाद सड़क पर कागज बिखर गए और मार्ग के बीच वाहन के पलट जाने से दोनों ओर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी व क्रेन की मदद से पलटे वाहन को हटाकर यातायात को सुचारू कराया।
स्थानीय लोगों के अनुसार जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां स्पीड ब्रेकर का निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया है। पर्याप्त संकेतक नहीं होने के कारण वाहन चालक उसे समय रहते देख नहीं पाते। बताया जा रहा है कि चालक ने ब्रेकर को देर से देखा और तेज गति में उसे पार करने का प्रयास किया, जिससे वाहन असंतुलित होकर पलट गया।
इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने अधूरे स्पीड ब्रेकर को जल्द पूर्ण करने और वहां चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
