सराफा व्यवसायी की हत्या मामले में परिजनों संग अमित जोगी ने कलेक्टर को सौपा ज्ञापन, सीबीआई जांच की मांग | The Voice TV

Quote :

"सफलता अंतिम नहीं है; असफलता घातक नहीं है: आगे बढ़ने का साहस ही मायने रखता है।" — विंस्टन चर्चिल

National

सराफा व्यवसायी की हत्या मामले में परिजनों संग अमित जोगी ने कलेक्टर को सौपा ज्ञापन, सीबीआई जांच की मांग

Date : 01-Jun-2026

 गौरेला पेंड्रा मरवाही, 01 जून । छत्तीसगढ़ के गौरेला पेंड्रा मरवाही कोटमी बाजार में सराफा व्यवसायी प्रदीप सोनी की हत्या के मामले में छह दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ हत्यारों का कोई भी सुराग नहीं लग पाया है। पीड़ित परिवार के साथ जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी के नेतृत्व में पीड़ित परिवार के सदस्यों ने सोमवार को जिला कलेक्टर से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पुलिसिया कार्रवाई पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की उच्चस्तरीय सीबीआई जांच कराने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।

कलेक्टर कार्यालय पहुंचे पीड़ित परिवार ने कहा कि घटना के छह दिन बाद भी आरोपितों का सुराग न मिल पाना स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा तंत्र पर बड़ा सवालिया निशान है। मुलाकात के दौरान मृतक प्रदीप सोनी की शोकाकुल बेटी का गुस्सा और दर्द साफ नजर आया। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि उसके पिता के बेरहम कातिलों को समाज में रहने का कोई हक नहीं है, उनका तत्काल एनकाउंटर किया जाना चाहिए।

अमित जोगी और पीड़ित परिवार ने ज्ञापन के माध्यम से साप्ताहिक बाजारों के दौरान सराफा व्यवसायियों की सुरक्षा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। प्रशासन के समक्ष दो मुख्य मांगें रखी गईं ग्रामीण और साप्ताहिक बाजारों में आवाजाही करने वाले सराफा कारोबारियों को पुलिस सुरक्षा मुहैया कराई जाए। आत्मरक्षा के लिए हथियार भय के माहौल को देखते हुए सुरक्षा के लिहाज से व्यापारियों को प्राथमिकता के आधार पर ‘शस्त्र लाइसेंस (लाईसेंस गन) स्वीकृत किए जाएं।

इस दौरान जेसीसीजे नेता अमित जोगी ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है, जिससे व्यापारी वर्ग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई और मामला केंद्रीय जांच एजेंसी को नहीं सौंपा गया, तो पीड़ित परिवार के न्याय के लिए उग्र आंदोलन किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि पेण्ड्रा के रहने वाले 50 वर्षीय ज्वेलरी व्यवसायी प्रदीप सोनी कोटमी गांव के साप्ताहिक बाजार में सोने-चांदी के जेवरातों की दुकान लगाते थे। 26 मई को जब वे बाजार में अपनी दुकान पर थे, तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने सरेराह उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। बदमाश व्यापारी प्रदीप सोनी के पास रखे सोने-चांदी के कीमती जेवर लूटकर मौके से फरार हो गए। इस जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल सराफा व्यापारी प्रदीप सोनी की मौत हो गई थी।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement