सीरियल किलर चार्ल्स शोभराज 19 साल बाद नेपाल की जेल से हुआ रिहा | The Voice TV

Quote :

"सकारात्मक सोच ही सफलता की पहली सीढ़ी है।"

International

सीरियल किलर चार्ल्स शोभराज 19 साल बाद नेपाल की जेल से हुआ रिहा

Date : 23-Dec-2022

 काठमांडू, 23 दिसंबर (हि.स.)। सीरियल किलर चार्ल्स शोभराज नेपाल की सेंट्रल जेल से 19 साल बाद शुक्रवार को रिहा कर दिया गया। उसे 15 दिन के भीतर उसके देश फ्रांस भेजे जाने का आदेश भी दिया गया है।

पूरी दुनिया में सीरियल किलर के नाम से मशहूर चार्ल्स शोभराज 1986 में भारत की राजधानी दिल्ली की तिहाड़ जेल से फरार होने में सफल हो गया था। हालांकि बाद में भारतीय पुलिस ने गोवा में उसे गिरफ्तार कर लिया था। 1997 में भारत में सजा पूरी करने के बाद फ्रांस गए शोभराज को 2003 में नेपाल में गिरफ्तार किया गया था। दो अमेरिकी पर्यटकों की हत्या के आरोप में 12 अगस्त 2004 को चार्ल्स शोभराज को नेपाल की सुप्रीम कोर्ट ने उम्र कैद की सज़ा सुनाई थी। बीते दिनों नेपाल की सुप्रीम कोर्ट ने शोभराज की बढ़ती उम्र के मद्देनजर उसे रिहा करने के आदेश दिये थे। साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने रिहाई के 15 दिन के भीतर उसे उसके देश फ्रांस भेजने का आदेश भी दिया है।

शुक्रवार को शोभराज को नेपाल की सेंट्रल जेल से रिहा कर दिया गया। उसने 19 साल इस जेल में बिताए हैं। चार्ल्स शोभराज की पत्नी निहिता बिस्वास ने कहा कि वे जल्द से जल्द शोभराज को फ्रांस में उसके परिवार के पास भेजने की कोशिश में हैं। निहिता ने बताया कि शोभराज के दिल की सर्जरी के बाद उसे कुछ समस्या हो रही है। ऐसे में उसे एक और सर्जरी की जरूरत पड़ सकती है। चार्ल्स शोभराज दर्जनों हत्याओं, चोरी और धोखाधड़ी के कई मामलों में शामिल रहा है और उसकी भारत, ग्रीस समेत दक्षिण एशिया के कई देशों में अलग-अलग मामलों में तलाश है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement