चीन ने अरब सागर और हिंद महासागर में अपनी बढ़ती उपस्थिति को समर्थन देने के लिए पाकिस्तान की नौसेना को मजबूत करने के प्रयासों के तहत अत्याधुनिक हथियारों और सेंसरों से सुसज्जित दूसरी नई पनडुब्बी सौंप दी है। बीजिंग में आधिकारिक मीडिया ने आज जानकारी दी कि हंगोर श्रेणी की पनडुब्बी, जो लगभग पांच अरब अमेरिकी डॉलर के सौदे का हिस्सा है, पाकिस्तान को दी गई आठ पनडुब्बियों में से एक है। इसे चीन के हुबेई प्रांत के वुहान में लॉन्च किया गया था। यह पनडुब्बी चीन द्वारा पाकिस्तान को प्रदान किए गए चार आधुनिक नौसैनिक फ्रिगेट के अतिरिक्त है, जिन्हें पिछले कुछ वर्षों में भेजा गया। यह कदम चीन की नौसेना की बढ़ती उपस्थिति और बलूचिस्तान में ग्वादर बंदरगाह के विकास के बीच पाकिस्तान की नौसैनिक क्षमता को सुदृढ़ करने के प्रयासों का हिस्सा है।
