बांग्लादेश में मानसून की दस्तक, बारिश के बीच मुंशीगंज में पुल ढहा | The Voice TV

Quote :

"मेहनत का कोई विकल्प नहीं, बस मजबूत इरादों के साथ आगे बढ़ते रहो।"

International

बांग्लादेश में मानसून की दस्तक, बारिश के बीच मुंशीगंज में पुल ढहा

Date : 31-May-2025

बांग्लादेश में मानसून के दस्तक देने के साथ बरसात शुरू हो गई है। इससे आम लोगों की मुसीबत बढ़ गई है। देश के मुंशीगंज जिले के सदर उपजिला में रोजोट्रेखा नहर पर बना कंक्रीट का पुल शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे ढह गया। इससे खासकंडी और नोलबुनियाकांडी गांवों के बीच सड़क संपर्क टूट गया और हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

बांग्लादेश में खाड़ी में दबाव के कारण हुई भारी बारिश के बीच प्रकृतिजन्य यह वाकया हुआ। मुंशीगंजको बिक्रमपुर के नाम से भी जाना जाता है। यह मध्य बांग्लादेश में ढाका डिवीजन का प्रमुख शहर है। यह मुंशीगंज जिले का मुख्यालय भी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, खासकंडी कब्रिस्तान के पास स्थित पुल कुछ साल पहले रोजोट्रेखा नहर पर बनाया गया था। यह खासकांडी और नोलबुनियाकांडी क्षेत्र के लगभग 2,000 से 2,500 लोगों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क था।

स्थानीय लोगों ने बताया कि हाल ही में हुई भारी बारिश और संपर्क मार्ग के आसपास मिट्टी के कटाव ने संरचना को कमजोर कर दिया। मुंशीगंज सदर उपजिला के अधिकारी मोहम्मद महबूबुर रहमान ने कहा कि जानकारी जुटाई जा रही हैं। जल्द से जल्द आवागमन को बहाल करने के लिए आला अधिकारियों से चर्चा की गई है। स्थानीय लोगों ने अधिकारियों से पुल की मरम्मत के लिए तत्काल कदम उठाने का आग्रह किया है।

इस बीच बांग्लादेश मौसम विज्ञान विभाग ने मानसून के आगमन के साथ ही आगामी 24 घंटों में देश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की भविष्यवाणी की है। विभाग के बुलेटिन में कहा गया है कि रंगपुर, मैमनसिंह, चटगांव और सिलहट संभागों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश,गरज के साथ बौछारें पड़ने और तेज हवा चलने की संभावना है। राजशाही, ढाका, खुलना और बारीसाल संभागों में एक या दो स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। विभाग ने कहा है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून बांग्लादेश में दस्तक दे चुका है। यह पूरे देश में सक्रिय है।
 


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement