चन्द्रयान 3 की सफलता पर नेपाल के राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री सहित प्रमुख नेताओं ने दी बधाई | The Voice TV

Quote :

"मेहनत का कोई विकल्प नहीं, बस मजबूत इरादों के साथ आगे बढ़ते रहो।"

International

चन्द्रयान 3 की सफलता पर नेपाल के राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री सहित प्रमुख नेताओं ने दी बधाई

Date : 24-Aug-2023

 काठमांडू। भारत के तरफ से भेजे गए चन्द्रयान-3 की सफलता पर नेपाल के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, विदेशमंत्री सहित सभी प्रमुख दल के नेताओं ने बधाई दी है। नेपाल के नेताओं ने भारत के प्रधानमंत्री, इसरो के वैज्ञानिकों और भारत की जनता को बधाई संदेश भेजा है।



नेपाल के राष्ट्रपति रामचन्द्र पौडेल ने भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बधाई संदेश देते हुए ट्विट किया है। पौडेल ने चन्द्रयान-3 की सफलता भारत के अन्तरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में एक बहुत बड़ी सफलता होने पर भारत की जनता को नेपाल की जनता के तरफ से बधाई दी है।



नेपाल के उपराष्ट्रपति रामसहाय यादव ने भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनकड़ को बधाई संदेश भेजा है। यादव ने अन्तरिक्ष के क्षेत्र में इस ऐतिहासिक सफलता के लिए इसरो के वैज्ञानिकों और भारत की जनता को बधाई दी है। भारत के इस सफलता से पड़ोसी होने के नाते नेपाल और नेपाली जनता को भी गर्व का अनुभव होने की बात नेपाल के उपराष्ट्रपति ने कही है।



नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्पकमल दाहाल प्रचण्ड ने चन्द्रयान 3 की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा इसरो की पूरी टीम को विज्ञान और तकनीकी क्षेत्र में मिले इस ऐतिहासिक सफलता के लिए नेपाली जनता के तरफ से बधाई।



इसी तरह नेपाल के विदेश मंत्री एनपी साउद ने भारत के विदेश मंत्री डॉ एस. जयशंकर को बधाई संदेश भेजा है। साउद ने अपने बधाई संदेश में इसे एक गर्व का क्षण बताते हुए अंतरिक्ष के क्षेत्र में भारत के इस सफलता से पूरी दुनियां के लाभान्वित होने का विश्वास व्यक्त किया है।



नेपाल की पूर्व राष्ट्रपति विद्या भण्डारी ने चन्द्रयान-3 की सफलता पर इसरो वैज्ञानिक, भारतीय प्रधानमंत्री तथा भारतीय जनता को बधाई दिया है। उन्होंने अपने बधाई संदेश में कहा है कि भारत के इस ऐतिहासिक सफलता पर सम्पूर्ण विश्व को गौरवान्वित होने का मौका दिया है।



नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री तथा नेपाली कांग्रेस के अध्यक्ष शेरबहादुर देउवा ने भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई संदेश दिया है। देउवा ने अपने बधाई संदेश में इसरो की यह सफलता पूरी दुनिया के लिए अनुसरणीय रहने की बात कही है।



नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री तथा प्रमुख विपक्षी दल नेपाल कम्यूनिष्ट पार्टी एकीकृत मार्क्सवादी लेनिनवादी (एमाले) के अध्यक्ष केपी शर्मा ओली ने दक्षिणी ध्रुव पर चन्द्रयान-3 के सफल अवतरण करने पर भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, इसरो टीम एवं सम्पूर्ण भारतीय जनता को बधाई दिया है। ओली ने कहा है कि पूर्वीय ज्ञान से विज्ञान के इस महत्वपूर्ण सफलता पर नेपाली जनता के भी प्रसन्न होने की बात कही है।


ऐसे ही नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री डा बाबूराम भट्टराई ने ट्वीट कर भारत की जनता, भारत के वैज्ञानिकों और इसरो की पूरी टीम को बधाई दी है।

नेपाल की चौथी बड़ी राजनीतिक शक्ति राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के अध्यक्ष रवि लामिछाने ने मिशन चन्द्रयान-3 की सफलता पर भारतीय प्रधानमंत्री को बधाई दिया है। लामिछाने ने ट्वीट करते हुए प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शिता और सक्षम नेतृत्व के कारण यह सफलता मिलने की बात उल्लेख की है। उन्होंने कहा कि भारत के इस सफलता से पूरे विश्व को ज्ञान विज्ञान और अन्तरिक्ष के क्षेत्र में लाभ मिलने का विश्वास व्यक्त किया है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement