उत्तर पूर्व की 45 लड़कियों वाला राष्ट्रीय कैडेट कोर एक बैंड पहली बार गणतंत्र दिवस परेड 2024 में भाग लेगा। 13 से 15 वर्ष की आयु वर्ग की लड़कियां उत्तर पूर्व की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
दिल्ली कैंट में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, एनसीसी के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल गुरबीरपाल सिंह ने बताया कि देश भर से कुल दो हजार दो सौ 74 कैडेट एक महीने तक चलने वाले शिविर में भाग ले रहे हैं, जिनमें सबसे अधिक नौ सौ सात लड़कियां शामिल हैं। कैडेटों में जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के 122 के और उत्तर पूर्व के 177 कैडेट भी शामिल हैं। श्री सिंह ने कहा कि यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत 25 मित्र देशों के कैडेट और अधिकारी भी इसमें भाग लेंगे।
एनसीसी के महानिदेशक ने बताया कि गणतंत्र दिवस शिविर का उद्देश्य राष्ट्र की समृद्ध परंपराओं से परिचित कराना और कैडेटों की कार्य प्रणाली को मजबूत करना है। शिविर राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देगा और सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रमों के माध्यम से विविधता में एकता को मजबूत करेगा।
