अयोध्या, 08 जनवरी । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष और भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल 10 जनवरी को अयोध्या पहुंचेंगे। भाजपा के दोनों राष्ट्रीय नेता श्रीराम जन्मभूमि दर्शन अभियान की बैठक लेंगे। बैठक में श्रीराम जन्मभूमि दर्शन अभियान में लगाये गये पार्टी पदाधिकारियों को अयोध्या बुलाया गया है।
जानकारी के अनुसार, 25 जनवरी से प्रान्तवार रामभक्त अयोध्या दर्शन करने आयेंगे। एक प्रान्त से कम से कम 20 हजार लोगों को अयोध्या लाने की तैयारी में भाजपा जुटी है। उन लोगों के अयोध्या आने, दर्शन करने व ठहरने की व्यवस्था भाजपा के कार्यकर्ता करेंगे। इस अभियान के निमित्त एक बैठक दिल्ली में हो चुकी है। दूसरी बैठक 10 जनवरी को अयोध्या में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष लेंगे। अयोध्या भाजपा जिला कार्यालय के अनुसार अभी बैठक का स्थान तय नहीं है।
