प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि दुनिया देख रही है कि भारत की 'नारी शक्ति' हर क्षेत्र में कैसे अपना लोहा मनवा रही है। आज नई दिल्ली के करियप्पा परेड ग्राउंड में वार्षिक एनसीसी पीएम रैली को संबोधित करते हुए, श्री मोदी ने कहा कि उनकी सरकार ने देश की बेटियों के लिए उन क्षेत्रों में अवसर खोले हैं जहां उनका प्रवेश पहले प्रतिबंधित या सीमित था। उन्होंने कहा कि चाहे स्टार्ट-अप हो या स्वयं सहायता समूह, महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी छाप छोड़ रही हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जब देश बेटों और बेटियों की प्रतिभा को समान अवसर देता है, इससे देश प्रतिभा संपन्न बनता है। उन्होंने ये भी कहा कि विकसित भारत युवाओं के सपनों को साकार करेगा।
श्री मोदी ने कहा कि इस वर्ष गणतंत्र दिवस की परेड में वास्तविक अर्थों में नारी शक्ति परिलक्षित हुई है। उन्होंने कहा कि परेड के दौरान कर्तव्य पथ पर तीनों सेनाओं की सभी महिला टुकडियों का मार्च, गौरव प्रदान करने वाला है। उन्होंने कहा कि आज की रैली में जीवंत गांवों की 400 से अधिक सरपंच और विभिन्न स्व-सहायता समूहों से 100 से अधिक महिलाएं विशेष अतिथि के तौर पर शामिल हो रही हैं।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी एनसीसी पीएम रैली में भाग लिया। आयोजन में अमृतकाल की एनसीसी की मुख्य विषय वस्तु पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गये। इन कार्यक्रमों में अमृत पीढी का योगदान और सशक्तिकरण दर्शाया गया। इस वर्ष की रैली में 2 हजार 2 सौ से अधिक कैडेट शामिल हुए। इसके अलावा 24 देशों के कैडेटों ने भी रैली में भाग लिया।
