सिद्धू के बाहर आते ही सूबे में गरमाएगी कांग्रेस की राजनीति | The Voice TV

Quote :

"मेहनत का कोई विकल्प नहीं, बस मजबूत इरादों के साथ आगे बढ़ते रहो।"

National

सिद्धू के बाहर आते ही सूबे में गरमाएगी कांग्रेस की राजनीति

Date : 01-Apr-2023

 चंडीगढ़, 1 अप्रैल पंजाब में कांग्रेस पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिद्धू के जेल से बाहर आते ही सूबे की राजनीति में बदलाव आएगा। कांग्रेस में अब एक नया गुट सक्रिय होगा जो सिद्धू के जेल से बाहर आने के इंतजार में चुप बैठा हुआ था। नवजोत सिद्धू जेल जाने से पहले पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से मुलाकात करके उनकी कार्यशैली की सराहना भी कर चुके हैं।

नवजोत सिद्धू को 19 जुलाई, 2021 को कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। सिद्धू के साथ संगत सिंह गिलजियां, सुखविंदर सिंह डैनी, पवन गोयल तथा कुलजीत सिगरा को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। इसके बाद हाईकमान ने 9 अप्रैल, 2022 को अमरिंदर सिंह राजा वडि़ंग को कांग्रेस पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त कर दिया।

नवजोत सिद्धू के कार्यकाल के दौरान कांग्रेस पार्टी एकजुट नहीं हो सकी और गुटबाजी सडक़ों पर रही। सिद्धू के कई ऐसे वीडियो वायरल हुए, जिनमें वह तत्कालीन मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के बारे में कथित तौर पर अपशब्द बोलते दिखाई दिए। चन्नी और सिद्धू की आपसी गुटबाजी के परिणाम स्वरूप कांग्रेस पार्टी विधानसभा चुनाव में बुरी तरह से हार गई।

सिद्धू के जेल जाने के बाद कांग्रेस नेताओं का एक गुट शांत बैठा हुआ है। सिद्धू की रिहाई से पहले उनके मीडिया सलाहकार सुरेंद्र डल्ला ऐलान कर चुके हैं कि मिशन 2024 की अगुवाई नवजोत सिद्धू करेंगे। ऐसे में साफ हो गया है कि सिद्धू आते ही अपने पुराने ग्रुप को खड़ा करेंगे। 


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement