अमित शाह भारत-चीन सीमा पर रात बिताने वाले देश के पहले गृह मंत्रीः डॉ. सरमा | The Voice TV

Quote :

"मेहनत का कोई विकल्प नहीं, बस मजबूत इरादों के साथ आगे बढ़ते रहो।"

National

अमित शाह भारत-चीन सीमा पर रात बिताने वाले देश के पहले गृह मंत्रीः डॉ. सरमा

Date : 11-Apr-2023

 डिब्रूगढ़ (असम), 11 अप्रैल  केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अरुणाचल प्रदेश में भारत-चीन सीमा के अंतिम छोर पर एक रात बिताने वाले देश के पहले गृह मंत्री हैं। केन्द्रीय गृहमंत्री ने सोमवार को अरुणाचल प्रदेश में चीन सीमा के निकट एक स्थान पर रात गुजारी। यह टिप्पणी मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्वा सरमा ने की। डॉ सरमा डिब्रूगढ़ के मानकटा मैदान में मंगलवार को आयोजित भाजपा की कार्यकर्ता रैली को संबोधित कर रहे थे।

अमित शाह ने मंगलवार को डिब्रूगढ़ में बनाए जाने वाले भाजपा ऊपरी असम के क्षेत्रीय कार्यालय की आधारशिला रखी। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि उन्होंने अरुणाचल में चीन सीमा पर रात बिताने के साथ ही वहां से दुश्मन राष्ट्र को चेतावनी देते हुए कहा कि कोई कितना भी बड़ा देश क्यों न हो, भारत सुई की नोंक के बराबर भी अपनी भूमि नहीं छोड़ेगा।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुवाहाटी आएंगे और प्रधानमंत्री की मौजूदगी में 12 हजार से अधिक बिहुवा-बिहुवतियां (बिहू नृत्य करने वाले युवा-युवतियां) विश्व रिकॉर्ड बनाकर असम के बिहू को वैश्विक पटल पर ले जाने के लिए कीर्तिमान स्थापित करेंगे। इसके लिए मुख्यमंत्री ने जनता का आशीर्वाद मांगा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने इस बार के बजट में सरकार द्वारा की गई तीन नई घोषणाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सभी स्वयं सहायता समूहों यानी महिलाओं को पहले समूह में पैसा दिया जाता था। अब सरकार सभी महिलाओं के बैंक खातों में 10-10 हजार रुपये देने की व्यवस्था करेगी।

इसके साथ ही इस वर्ष अरुणोदय योजना की राशि बढ़ाकर 1400 रुपये प्रतिमाह की जाएगी। बेरोजगारों को 2-2 लाख रुपये का अनुदान दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि 11 मई को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुवाहाटी में एक समारोह में भाग लेंगे और 50 हजार बेरोजगार युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। मुख्यमंत्री ने भाजपा को मजबूत करने का आह्वान किया और कहा कि असम तभी आगे बढ़ेगा जब भाजपा मजबूत होगी और भारत तभी आगे बढ़ेगा जब असम आगे बढ़ेगा।

मुख्यमंत्री ने राज्य में इस समय स्थापित पार्टी कार्यालयों के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा के अब तक 22 जिला स्तरीय कार्यालय स्थापित किए गए हैं। सात और कार्यालयों के निर्माण के साथ जिला कार्यालयों का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ सरमा ने यह भी कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले 200 मंडल कार्यालयों का भी निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के ऊपरी असम क्षेत्रीय कार्यालय का निर्माण कार्य, जिसकी आधारशिला आज डिब्रूगढ़ में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा रखी गयी है, वह भी अगले 18 महीनों के भीतर बनकर तैयार हो जाएगा। इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, केंद्रीय राज्य मंत्री रामेश्वर तेली, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भवेश कलिता और पार्टी के अन्य सांसद और विधायक मौजूद थे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement