अमित शाह आज भरतपुर में बूथ अध्यक्ष संकल्प सम्मेलन को करेंगे संबोधित | The Voice TV

Quote :

"मेहनत का कोई विकल्प नहीं, बस मजबूत इरादों के साथ आगे बढ़ते रहो।"

National

अमित शाह आज भरतपुर में बूथ अध्यक्ष संकल्प सम्मेलन को करेंगे संबोधित

Date : 15-Apr-2023

जयपुर, 15 अप्रैल। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज (शनिवार) भरतपुर पहुंच रहे हैं । वो राजस्थान भाजपा की ओर से दोपहर 2:30 बजे, कॉलेज ग्राउंड में आयोजित बूथ अध्यक्ष संकल्प सम्मेलन काे संबोधित करेंगे। शाह लोकसभा प्रवास याेजना कार्यक्रम तहत दाैसा और नागाैर जिले के प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक भी लेंगे। कार्यक्रम को प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी और प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर भी संबोधित करेंगे।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ और प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी समेत भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने शुक्रवार को शाह के कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। भाजपा के प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा ने बताया कि भरतपुर संभाग में 4700 बूथ और 1600 शक्ति केन्द्र है। इस कार्यक्रम में बूथ स्तर तक के करीब 25 हजार जिम्मेदार कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।

शर्मा ने बताया कि प्रदेश में चुनाव तैयारी का आगाज हो चुका है। गृहमंत्री अमित शाह राजस्थान के पूर्वी सिंहद्वार भरतपुर से विजयी अभियान की शुरुआत करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केन्द्रीय गृहमंत्री दोपहर एक बजे हैलीकॉप्टर से भरतपुर पहुंचेंगे। हेलीपैड से महासम्मेलन स्थल कॉलेज ग्राउंड तक पारम्परिक रूप से शानदार स्वागत किया जाएगा। चौराहों को केसरिया रंग से सजाया गया है। सड़क के दोनों ओर भाजपा के झंडे, बैनर व होर्डिंग्स सज गए हैं।

उल्लेखनीय है कि राजस्थान के सात संभागों में से भाजपा के लिए भरतपुर और जयपुर संभाग सबसे कमजोर कड़ी हैं। पिछले चुनाव में भरतपुर संभाग के चार जिलों में से तीन में भाजपा का खाता भी नहीं खुला था। भरतपुर, करौली और सवाईमाधोपुर में भाजपा की स्थिति शून्य रही जबकि धौलपुर में सिर्फ एक सीट पर जीत मिली थी। बाद में इस सीट से जीती शोभारानी कुशवाह को भी पार्टी से बाहर कर दिया गया। मौजूदा समय में भरतपुर संभाग की 19 सीटों पर भाजपा का कोई विधायक नहीं है। भाजपा संभाग में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए लंबे समय से बूथ स्तर तैयारियां कर रही है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement