मुंबई, 28 अप्रैल सूडान में गृहयुद्ध में फंसे महाराष्ट्र के 19 नागरिक शुक्रवार को ऑपरेशन कावेरी के तहत वायुसेना के एक विशेष विमान से दिल्ली स्थित पालम एयरपोर्ट पर पहुंचे हैं। इन सभी को महाराष्ट्र सदन में रखा गया है और सभी को उनके घर तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। यह जानकारी महाराष्ट्र सरकार ने दी है।
सूडान में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए विदेश मंत्रालय ने 'ऑपरेशन कावेरी' शुरू किया है। इस मिशन के तहत वायुसेना का एक विशेष विमान (सी-17) 400 भारतीय नागरिकों को लेकर आज पालम वायुसेना हवाई अड्डे पर पहुंचा। इसमें महाराष्ट्र के 19 नागरिक शामिल हैं। सूडान से वापस लाए गए नागरिकों को महाराष्ट्र सरकार के दिल्ली स्थित महाराष्ट्र सदन द्वारा स्थापित सहयोग कक्ष के माध्यम से सकुशल घर भेजा जाएगा। दिल्ली में प्रवेश करने वाले सूडान से आए महाराष्ट्र के नागरिकों को उनके घर पहुंचाने के लिए समन्वय किया जा रहा है। हवाई अड्डे पर स्थापित कक्ष के माध्यम से नागरिकों को महाराष्ट्र सदन तक लाने ले जाने की भी व्यवस्था की गई है। इन नागरिकों के रहने और खाने की व्यवस्था महाराष्ट्र सदन में की गई है।
विदेश मंत्रालय ने दिल्ली में विभिन्न राज्यों के रेजिडेंट कमिश्नरों के कार्यालयों को निर्देश दिया है कि सूडान से दिल्ली लौटने वाले भारत के विभिन्न राज्यों के नागरिकों को उनके संबंधित राज्यों में सुरक्षित पहुंचने के लिए हेल्प डेस्क स्थापित करें। इसके मुताबिक इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर महाराष्ट्र और अन्य राज्यों के हेल्प रूम बनाए गए हैं। इसके तहत महाराष्ट्र के नागरिकों को उनके घर तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।
