राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने कहा- एक राष्‍ट्र एक डिजिटल पुस्तकालय की परिकल्‍पना को साकार करने के लिए भारत का राष्ट्रीय वर्चुअल पुस्तकालय विकसित किया जा रहा है | The Voice TV

Quote :

"मेहनत का कोई विकल्प नहीं, बस मजबूत इरादों के साथ आगे बढ़ते रहो।"

National

राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने कहा- एक राष्‍ट्र एक डिजिटल पुस्तकालय की परिकल्‍पना को साकार करने के लिए भारत का राष्ट्रीय वर्चुअल पुस्तकालय विकसित किया जा रहा है

Date : 05-Aug-2023

 राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज नई दिल्‍ली में प्रगति मैदान में पुस्‍तकालय महोत्‍सव का उद्घाटन किया। इसका आयोजन संस्‍कृति मंत्रालय ने किया है। दो दिन के इस महोत्‍सव में दुनियाभर के प्रसिद्ध पुस्‍तकालयों की विशेषताओं को दर्शाया जा रहा है। इसका उद्देश्‍य भारत में पुस्‍तकालयों के आधुनिकीकरण और डिजीकरण पर चर्चा की शुरुआत करना है।

 

महोत्‍सव के उद्घाटन अवसर पर राष्‍ट्रपति मुर्मू ने कहा कि पुस्‍तकालयों का विकास समाज और संस्‍कृति के विकास से जुड़ा हुआ है। उन्‍होंने कहा कि यह सभ्‍यता और संस्‍कृति की प्रगति का पैमाना भी होता है। राष्‍ट्रपति ने कहा कि पुस्‍तकालय विकसित सभ्‍यताओं के बीच सेतु का काम करते रहे हैं। उन्‍होंने कहा कि पुस्‍तकालयों के आधुनिकीकरण और डिजीकरण के प्रयास बेहद महत्‍वपूर्ण हैं। राष्‍ट्रपति ने कहा कि सूचना और संचार प्रौद्योगिकी के उपयोग के कारण अब पुस्‍तकालय अधिक सुलभ हो गए हैं। उन्‍होंने कहा कि एक राष्‍ट्र एक डिजिटल लाइब्रेरी के स्‍वपन को साकार करने के लिए राष्‍ट्रीय वर्चुअल लाइब्रेरी का विकास किया जा रहा है।

 

राष्‍ट्रपति ने आशा व्‍यक्‍त की कि राष्‍ट्रीय पुस्‍तकालय मिशन की सफलता से पुस्‍तकालयों से जुड़ने और पुस्‍तक पढ़ने की संस्‍कृति मजबूत होगी। उन्‍होंने इस बात पर भी जोर दिया कि पुस्‍तकालयों को सामाजिक विमर्श, अध्‍ययन और चिंतन के केन्‍द्र बनाना होगा।

    

यह आयोजन पुस्‍तकालयों के विकास और डिजीकरण को बढ़ावा देने तथा देश में पढ़ने की संस्‍कृति को बढ़ावा देने के प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण के अनुरूप है। इसका उद्देश्‍य देश में ग्रामीण और सामुदायिक स्‍तर तक आदर्श पुस्‍तकालयों के विकास के लिए कार्योन्‍मुखी नीतियां तैयार करना है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement