राज्यसभा में कल दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी राज्य क्षेत्र शासन संशोधन विधेयक-2023 पर चर्चा की जाएगी। लोकसभा ने बृहस्पतिवार को इसे पारित कर दिया था। जन्म और मृत्यु रजिस्ट्रीकरण संशोधन विधेयक-2023 भी सदन में पेश किया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी ने संसद के दोनों सदनों में अपने सांसदों को व्हिप जारी कर सदन में उपस्थित रहने को कहा है। साथ ही सांसदों से सरकार के रुख और विधेयकों का समर्थन करने को कहा है। लोकसभा में डिजिटल व्यैक्तिक डेटा संरक्षण विधेयक-2023, राष्ट्रीय अनुसंधान फाउंडेशन विधेयक-2023, भेषजी संशोधन विधेयक 2023 और मध्यस्थता विधेयक, 2023 पर कल चर्चा होने वाली है।
