भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन- इसरो ने कहा है कि चंद्रयान-3 के रोवर प्रज्ञान का गति संचालन शुरू हो गया है और मिशन निर्धारित समय पर चल रहा है। संगठन ने कहा कि यान की सभी प्रणालियाँ सामान्य रूप से काम कर रही हैं। इसरो के अध्यक्ष एस. सोमनाथ ने बताया कि लैंडर मॉड्यूल पेलोड चालू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि लैंडर और रोवर पर लगे उपकरण अब चंद्रमा की खनिज संरचना और उसके वातावरण में भूकंपीय गतिविधियों का अध्ययन करेंगे। रोवर प्रज्ञान ने कल लैंडर विक्रम से बाहर निकल कर चंद्रमा पर भ्रमण किया।
