डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर नेपाल के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री सहित प्रमुख नेताओं ने जताया शोक | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

International

डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर नेपाल के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री सहित प्रमुख नेताओं ने जताया शोक

Date : 27-Dec-2024

 काठमांडू, 27 दिसंबर । भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर नेपाल के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, कई पूर्व प्रधानमंत्री सहित प्रमुख दल के नेताओं ने शोक प्रकट किया है। इन सभी नेताओं ने दिवंगत मनमोहन सिंह के साथ अपनी स्मृति को साझा किया।

नेपाल के राष्ट्रपति रामचन्द्र पौडेल ने एक बयान जारी करते हुए भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर दुख प्रकट किया है। डॉ. सिंह को विश्व के प्रख्यात अर्थशास्त्री बताते हुए राष्ट्रपति पौडेल ने कहा कि उनके द्वारा भारत के लिए अपनाई गई अर्थनीति का नेपाल समेत कई देशों ने अनुसरण करते हुए लाभ लिया है। राष्ट्रपति ने शोक संदेश भेजते हुए नेपाल की जनता की तरफ से गहरी शोक संवेदना जताई है।

प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने डॉ. मनमोहन सिंह को एक अर्थशास्त्री के साथ महान विचारक एवं चिंतक के रूप में याद किया। ओली ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि नेपाल और भारत के संबंधों को सुदृढ़ करने के उनके प्रयासों को स्मरण कर रहा हूं। प्रधानमंत्री ओली ने डॉ. मनमोहन सिंह के साथ अपनी एक पुरानी तस्वीर साझा करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।

नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री और माओवादी पार्टी के अध्यक्ष पुष्प कमल दहाल प्रचण्ड ने डॉ. सिंह के निधन को व्यक्तिगत क्षति बताया है। प्रचंड ने अपने शोक संदेश में कहा है कि सशस्त्र द्वंद में रहे माओवादी को शांति प्रक्रिया में लाने में डॉ. मनमोहन की भूमिका की जितनी प्रशंसा की जाए कम है। नेपाल में लोकतंत्र की पुनर्बहाली में डॉ. मनमोहन सिंह के ही मार्गदर्शन में सात दल और तत्कालीन विद्रोही पक्ष माओवादी के बीच लिखित समझौता हुआ था।

इसी तरह माओवादी के पूर्व नेता एवं पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. बाबूराम भट्टराई ने मनमोहन सिंह के निधन पर अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए उन्हें एक महान अर्थशास्त्री, कुशल प्रशासक, दक्षिण एशिया के उदारीकरण के अग्रणी नेता के रूप में याद किया है। भट्टराई ने कहा कि नेपाल-भारत संबंधों को लेकर अत्यंत ही सकारात्मक रहने वाले डॉ. मनमोहन सिंह के निधन से नेपाली जनता को भी उतना ही दुख हुआ है।

पूर्व प्रधानमंत्री माधव कुमार नेपाल ने डॉ. सिंह के निधन पर जारी शोक संदेश में उन्हें नेपाल का सच्चा मित्र, सच्चे शुभचिंतक और नेपाल तथा नेपाली जनता के प्रति हमेशा ही प्रेम और सद्भाव रखने वाले नेता के रूप में याद किया है। माधव नेपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में उन्हें डॉ. मनमोहन सिंह के साथ कई बार मिलने और मंच साझा करने का मौका मिला है। उनके निधन से न सिर्फ भारत ने बल्कि पूरे विश्व ने एक महान अर्थशास्त्री को खो दिया है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement