दक्षिण कोरिया विमान दुर्घटना में जेजू एयर विमान में सवार 181 लोगों में से 179 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में सभी 175 यात्री और 4 चालक दल के सदस्य शामिल हैं। चालक दल के दो सदस्यों को बचा लिया गया है।
दक्षिण कोरिया के कार्यवाहक राष्ट्रपति चोई सांग-मोक ने विमान दुर्घटना के कारण 4 जनवरी तक राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। यह दुर्घटना उस समय हुई जब बोइंग 737-800 विमान आज सुबह मुआन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आ रहा था। बचाव अभियान जारी है। दुर्घटनाग्रस्त विमान से दोनों ब्लैक बॉक्स बरामद कर लिए गए हैं, जिसमें उड़ान डेटा और वॉयस रिकॉर्ड शामिल हैं। फुटेज से पता चलता है कि विमान रनवे से उतर गया और आग लगने से पहले एक दीवार से टकरा गया। कोरिया एयरपोर्ट कॉर्पोरेशन ने कहा, मुआन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।
