नेपाल में डिप्टी स्पीकर पद के लिए तीन प्रमुख विपक्षी दलों ने दावा ठोंका | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

International

नेपाल में डिप्टी स्पीकर पद के लिए तीन प्रमुख विपक्षी दलों ने दावा ठोंका

Date : 06-Apr-2026

 काठमांडू, 06 अप्रैल । नेपाल के संवैधानिक प्रावधानों के मुताबिक डिप्टी स्पीकर पद के लिए तीन प्रमुख विपक्षी दलों ने अपना-अपना दावा ठोंका है जिनमें नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी (नेकपा), राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी (आरपीपी) और श्रम संस्कृति पार्टी प्रमुख हैं।

नेपाल के संवैधानिक प्रावधान के मुताबिक डिप्टी स्पीकर का पद स्पीकर से अलग राजनीतिक दल और अलग लिंग का होना चाहिए। आरएसपी को स्पीकर का पद मिला है, तो किसी अन्य दल के पास डिप्टी स्पीकर का पद होना चाहिए। आरएसपी के उपाध्यक्ष डोल प्रसाद अर्याल पहले ही स्पीकर नियुक्त किया जा चुका है। हालांकि, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि डिप्टी स्पीकर पद को लेकर चर्चा अभी जारी है और तीन विपक्षी दल सक्रिय रूप से इस पद के लिए लॉबिंग कर रहे हैं।

आरएसपी के महासचिव कविंद्र बुरलाकोटी के अनुसार पार्टी ने अभी इस विषय पर औपचारिक विचार-विमर्श शुरू नहीं किया है। उन्होंने कहा कि अभी स्पीकर नियुक्त हुए हैं, इसलिए डिप्टी स्पीकर पर चर्चा का अवसर नहीं मिला है। विपक्षी दलों के साथ बातचीत जारी है और अब प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

पार्टी महासचिव बुरलाकोटी ने बताया कि अब तक नेकपा, आरपीपी और श्रम संस्कृति पार्टी तीनों दलों ने दावा किया है, लेकिन इस पर अब तक कोई फैसला नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि अंतिम निर्णय का अधिकार पार्टी अध्यक्ष रवि लामिछाने और प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह को सौंपा गया है और अभी कोई निर्णायक बैठक नहीं हुई है।

श्रम संस्कृति पार्टी के अध्यक्ष हर्क साम्पांग ने इस पद के लिए जोरदार लॉबिंग की है और प्रधानमंत्री तथा पार्टी अध्यक्ष इस प्रस्ताव के प्रति कुछ हद तक सकारात्मक हैं। हालांकि, पार्टी के भीतर अभी भी मतभेद बने हुए हैं।

इस बीच, नेकपा के अध्यक्ष पुष्पकमल दाहाल प्रचण्ड ने भी इस पद के लिए अपनी कोशिशें तेज कर दी हैं और आरएसपी नेताओं के साथ बातचीत जारी है। हालांकि, उनकी और लामिछाने के बीच सीधी मुलाकात नहीं हुई है, लेकिन द्वितीय पंक्ति के नेताओं को सक्रिय किया गया है।

बुरलाकोटी और कम्युनिस्ट नेता बरषमान पुन के बीच बातचीत हो चुकी है। कम्युनिस्ट पार्टी ने अपने उम्मीदवार को चुनने पर राष्ट्रीय मुद्दों में समर्थन देने का आश्वासन भी दिया है।

बताया जा रहा है कि दहाल पूर्व सांसद देवेन्द्र दहाल की पत्नी बलवती शर्मा को संभावित उम्मीदवार के रूप में आगे बढ़ा रहे हैं। आरपीपी ने खुशबु ओली का नाम प्रस्तावित किया है, जबकि श्रम संस्कृति पार्टी रुबी कुमारी ठाकुर और राधिका रामटेल जैसे नामों पर विचार कर रही है।

आरपीपी संसदीय दल के नेता ज्ञानेन्द्र शाही ने कहा कि अब तक कोई निर्णायक स्तर की बातचीत नहीं हुई है। उभिने कहा कि हमने अनौपचारिक रूप से अपनी बात रखी है, लेकिन निर्णय स्तर की चर्चा नहीं हुई।

इसी तरह, श्रम संस्कृति पार्टी के सांसद ध्रुव राई ने कहा कि उनके दल का दावा करना स्वाभाविक है, लेकिन अंतिम फैसला शीर्ष स्तर की बातचीत पर निर्भर करेगा।

कम्युनिस्ट नेता वर्षमान पुन ने भी सार्वजनिक रूप से कहा है कि उनके दल का दावा उचित है। सूत्रों के मुताबिक, दहाल ने पार्टी नेताओं को इस मुद्दे पर सक्रिय रूप से बातचीत आगे बढ़ाने का निर्देश दिया है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement