बलरामपुर : आमने-सामने भिड़ीं दो माेटरसाइकिल, प्रधान पाठक की मौके पर मौत, तीन घायल | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

National

बलरामपुर : आमने-सामने भिड़ीं दो माेटरसाइकिल, प्रधान पाठक की मौके पर मौत, तीन घायल

Date : 06-Apr-2026

 बलरामपुर, 06 अप्रैल । छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के रामानुजगंज क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। ग्राम चिनिया के पास मोड़ पर दो माेटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर में प्रधान पाठक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए।

यह हादसा आज दोपहर करीब 3:30 बजे ग्राम चिनिया के एक खतरनाक मोड़ पर हुआ, जहां तेज रफ्तार और लापरवाही ने मिलकर जानलेवा रूप ले लिया।

जानकारी के अनुसार, सलवाही नवापारा में पदस्थ प्रधान पाठक दयाशंकर सिंह मरकाम अपने साथी अनिल मरकाम के साथ बैंक से संबंधित कार्य के लिए रामानुजगंज की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान विपरीत दिशा से संतोषी नगर पिपराही निवासी दो युवक विक्रम (18) और सूरज मंडल (18) एक ही माेटरसाइकिल पर सवार होकर रॉन्ग साइड से आ रहे थे। मोड़ पर दोनों माेटरसाइकिल की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और सवार लोग सड़क पर दूर जा गिरे।

हादसे में दयाशंकर सिंह मरकाम को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उनके साथी अनिल मरकाम भी घायल हो गए। वहीं दूसरी माेटरसाइकिल पर सवार विक्रम और सूरज मंडल को भी चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस को बुलाया और घायलों को तत्काल 100 बिस्तर अस्पताल रामानुजगंज पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टर सकेंद्र गुप्ता की देखरेख में सभी घायलों का इलाज जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे की प्रमुख वजह रॉन्ग साइड से आ रही माेटरसाइकिल और मोड़ पर तेज रफ्तार रही, जिससे सामने से आ रहे वाहन को संभलने का मौका नहीं मिला। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement