राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा मध्य प्रदेश में अब 23 नवंबर को पहुंचेंगी | The Voice TV

Quote :

आचार्य चाणक्य: "समय और शिक्षा का सही उपयोग ही व्यक्ति को सफल बना देता है।"

National

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा मध्य प्रदेश में अब 23 नवंबर को पहुंचेंगी

Date : 17-Nov-2022

भोपाल,(हि.स.)। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के मध्यप्रदेश में आने की तिथि में बदलाव किया गया है। अब यह यात्रा 23 नवंबर को प्रदेश में दाखिल होगी। यह फैसला राहुल गांधी के साथ बुधवार को हुई बैठक के बाद लिया गया।

बैठक में मध्यप्रदेश से पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह, अजय सिंह, पूर्व मंत्री सुरेश पचौरी, कांतिलाल भूरिया शामिल हुए। महाराष्ट्र के मालेगांव में हुई इस बैठक में यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया।

बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा पहले 20 नवंबर को महाराष्ट्र की सीमा से लगे बुरहानपुर जिले के ग्राम बोदरली से मप्र में प्रवेश करने वाली थी, लेकिन राहुल गांधी 21 और 22 नवंबर गुजरात चुनाव में प्रचार के लिए जाएंगे। इसी बात को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।

प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों ने बताया कि यात्रा मध्य प्रदेश में बीस नवंबर को देर शाम प्रवेश करने वाली थी, लेकिन अब यह 23 नवंबर को आएगी। सुबह छह बजे से ही पदयात्रा बोदरली से प्रारंभ होगी। 21 और 22 नवंबर को यात्रा का विश्राम महाराष्ट्र में ही रहेगा, क्योंकि इन दो दिन राहुल गांधी गुजरात चुनाव प्रचार करने के लिए जाएंगे। बाकी कार्यक्रम यथावत रहेगा।

मप्र में राहुल गांधी यात्रा के दौरान विभिन्न् धार्मिक और सामाजिक महत्व के स्थल जाएंगे। डा. भीमराव आंबेडकर की जन्मस्थली महू में कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। रात्रि विश्राम भी महू में होगा। उज्जैन में महाकाल दर्शन के बाद आमसभा को संबोधित करेंगे।

प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग ने भारत जोड़ो यात्रा के लिए प्रदेश और संभागीय प्रवक्ताओं को जिले आवंटित कर दिए हैं। वहीं, बुधवार को यात्रा के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस द्वारा नियुक्त मीडिया समन्वयक शिव भाटिया ने प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें यात्रा के प्रचार-प्रसार को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement