रायपुर : जया ऑटोमोबाइल शॉप में लगी भीषण आग, लाखों रुपये के ऑटो पार्ट्स जलकर खाक, जनहानि नहीं | The Voice TV

Quote :

"आपका समय सीमित है, इसलिए इसे किसी और की जिंदगी जीकर बेकार मत करो। - स्टीव जॉब्स "

National

रायपुर : जया ऑटोमोबाइल शॉप में लगी भीषण आग, लाखों रुपये के ऑटो पार्ट्स जलकर खाक, जनहानि नहीं

Date : 11-Jun-2026

 रायपुर, 11 जून । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के माैदहापारा थानांतर्गत एमजी रोड स्थित ऑटोमोबाइल शॉप में गुरुवार सुबह भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई है और आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, मौदहापारा थाने के ठीक सामने स्थित एक ऑटोमोबाइल में यह आग लगी है। स्थानीय लोगों की माने तो आग लगने की शुरुआती वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है। फिलहाल स्थानीय पुलिस और पांच फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आग बुझाने का प्रयास कर रही है। वहीं इस घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

दुकान के भीतर से उठते धुएं के काले गुबार और आग की ऊंची लपटों को देखकर पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। चूंकि यह इलाका बेहद संकरा और दुकानों से सटा हुआ है, इसलिए आसपास के व्यापारियों में हड़कंप मच गया। घटना की भयानकता को देखते हुए तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचित किया गया, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह दुकान खुलने के कुछ ही समय बाद अंदर से धुआं निकलता दिखाई दिया था। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। ऑटोमोबाइल के भीतर भारी मात्रा में गाड़ियों के स्पेयर पार्ट्स, टायर, ट्यूब, प्लास्टिक का सामान और विभिन्न प्रकार के लुब्रिकेंट्स (ज्वलनशील तेल) मौजूद थे, जिसने ईंधन का काम किया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर-दूर से आसमान में काला धुआं देखा जा रहा था। एहतियात के तौर पर मौदहापारा पुलिस ने फौरन आसपास की दुकानों को खाली कराया और बिजली सप्लाई बंद करवाई। दमकल कर्मियों ने चारों तरफ से पानी की बौछारें मारकर आग को अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में फैलने से रोका।

माैदहापारा पुलिस का कहना है कि, आग पर काबू पा लिया गया है। पुलिस और फायर एक्सपर्ट्स मामले की जांच कर रहे हैं। इस अग्निकांड में लाखों रुपये के ऑटो पार्ट्स जलकर खाक होने का अनुमान है, जिसका सटीक आंकलन आग पूरी तरह ठंडी होने के बाद ही किया जा सकता है।

राहत की बात यह रही कि शुरुआती जानकारी के अनुसार किसी जनहानि की सूचना नहीं है। प्रशासन और फायर विभाग की टीम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement