गंगा तटों की सुरक्षा से संबंधित कार्यों को एक माह में पूरा करने का निर्देश | The Voice TV

Quote :

आचार्य चाणक्य: "समय और शिक्षा का सही उपयोग ही व्यक्ति को सफल बना देता है।"

National

गंगा तटों की सुरक्षा से संबंधित कार्यों को एक माह में पूरा करने का निर्देश

Date : 11-Jun-2026

 पटना, 11 जून। जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह ने आज भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड अंतर्गत उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे जवनिया गांव में गंगा नदी के तट पर चल रहे कटाव निरोधी कार्यों का स्थल निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता तथा बाढ़ पूर्व तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

सचिव ने स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं की जानकारी ली तथा चल रहे कार्यों पर उनका फीडबैक प्राप्त किया। ग्रामीणों ने गंगा नदी के निरंतर कटाव से उत्पन्न चुनौतियों को साझा करते हुए कटाव निरोधी एवं संरक्षण कार्यों के प्रति संतोष व्यक्त किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि गंगा नदी के दाहिने तट पर स्थित गंगापुर, भुसौला, नन्दपुर एवं दामोदरपुर (जवनिया) गाँवों को कटाव से सुरक्षित रखने के लिए लगभग 1200 मीटर लंबाई में कटाव निरोधी कार्य कराया जा रहा है। इस परियोजना की प्रशासनिक स्वीकृति राशि 52.56 करोड़ है तथा वर्तमान में कार्य प्रगति पर है।

डॉ. सिंह ने कार्यों में तेजी लाते हुए कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिया, साथ ही कहा कि मानसून की संवेदनशीलता को ध्यान में रख कर सभी आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा कटाव निरोधी कार्यों को हर हाल में अगले एक माह के भीतर पूर्ण किया जाए।

उन्होंने अभियंताओं एवं संवेदकों को कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता न करने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य संपन्न करने का निर्देश दिया।

सचिव ने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने से भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड के गंगापुर, भुसौला, नन्दपुर एवं जवनिया सहित आसपास के गाँवों को गंगा नदी के कटाव से प्रभावी सुरक्षा मिलेगी तथा स्थानीय आबादी एवं सार्वजनिक परिसंपत्तियों का संरक्षण सुनिश्चित होगा।

निरीक्षण के दौरान विभाग के वरीय अभियंता, कार्यपालक अभियंता तथा अन्य विभागीय पदाधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement