सिक्किम में भारी बारिश के बीच भूस्खलन में पांच लोग बहे, एक शव बरामद | The Voice TV

Quote :

"सफलता अंतिम नहीं है; असफलता घातक नहीं है: आगे बढ़ने का साहस ही मायने रखता है।" — विंस्टन चर्चिल

National

सिक्किम में भारी बारिश के बीच भूस्खलन में पांच लोग बहे, एक शव बरामद

Date : 13-Jun-2024

 गंगटोक, 13 जून । सिक्किम के विभिन्न हिस्सों में लगातार हो रही भारी बारिश से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। सिक्किम के उत्तरी हिस्से में बुधवार रात से हो रही मूसलाधार बारिश से मंगन और जांगु क्षेत्र में जान-माल की व्यापक क्षति हुई है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक अम्बीथांग और पाकसेप में भारी बारिश के बीच हुए भूस्खलन में कम से कम पांच लोग बह गए हैं जबकि एक शव बरामद किया गया है। जांगु और नामपथांग में भूस्खलन से कई घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। भूस्खलन की चपेट में आकर कई सड़क मार्ग भी टूट गए हैं, जिससे यातायात बाधित हो गया है। सांकलांग में पुल क्षतिग्रस्त हो गया है। बिजली और मोबाइल नेटवर्क भी प्रभावित हुए हैं। जिला प्रशासन और संबंधित विभाग राहत एवं बचाव कार्य में लगे हुए हैं।

मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि भूस्खलन से उत्तरी सिक्किम के विभिन्न हिस्सों में बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान हुआ है। उत्तरी जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और संबंधित एजेंसियों से संपर्क कर त्वरित और व्यापक प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। सरकार पीड़ित परिवारों के साथ है। दस जून को भूस्खलन में तीन लोगों की मौत हो गई थी।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए आज सुबह ईटानगर पहुंचे हैं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement