रायपुर, 23 अगस्त 2025 – रायपुर पश्चिम के विधायक एवं पूर्व मंत्री राजेश मुणत ने शुक्रवार को दानवीर भामाशाह वार्ड में ₹3.15 करोड़ की लागत से बने नवनिर्मित शाला भवन सहित क्षेत्र के विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। सुबह 8:00 बजे शुरू हुए दौरे में उन्होंने शाला भवन के कक्षों का बारीकी से अवलोकन किया और निर्माण की गुणवत्ता को सराहनीय बताया।
मुणत ने शाला भवन से सटे खुले मैदान पर डोम शेड निर्माण के निर्देश जोन आयुक्त को दिए और कहा कि नगर निगम रायपुर द्वारा किया गया यह कार्य प्रशंसा के योग्य है। उन्होंने भवन की नियमित सफाई और देखभाल के लिए एक चौकीदार व एक सफाई कर्मचारी की तत्काल नियुक्ति का प्रस्ताव भी रखा।
गुढ़ियारी कॉलेज निर्माण की धीमी प्रगति पर नाराज़गी
मुणत इसके बाद रामदरबार के पीछे निर्माणाधीन गुढ़ियारी कॉलेज भवन पहुंचे, जहां कार्य की धीमी गति पर असंतोष जताते हुए उन्होंने कार्यपालन अभियंता राजीव नशीने को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण बाधाएं समझी जा सकती हैं, लेकिन इसके बावजूद एक ठोस एक्शन प्लान बनाकर एजेंसी के साथ समन्वय से कार्य को गति देना आवश्यक है।
टाटीबंध में बन रही प्रदेश की पहली मॉडल आंगनबाड़ी का निरीक्षण
निरीक्षण के अगले चरण में विधायक मुणत टाटीबंध मिडिल स्कूल परिसर में बन रहे महतारी सदन पहुंचे, जहां प्रदेश की पहली मॉडल आंगनबाड़ी का निर्माण कार्य जारी है। उन्होंने यहां की कार्यप्रणाली और डिजाइन पर गहरी नाराज़गी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि वर्तमान ड्राइंग और डिजाइन में खामियां हैं जिन्हें तत्काल सुधारा जाए। 4500 वर्गफुट क्षेत्र में बनने वाले इस मॉडल भवन को ऐसा बनाया जाए कि यह पूरे प्रदेश के लिए एक मिसाल बन सके।
मुणत ने परिसर की पुरानी सीमांकन दीवार की मरम्मत और ऊंचाई बढ़ाने के निर्देश दिए, साथ ही पूर्व माध्यमिक शाला के प्रधानपाठक एवं जिला शिक्षा अधिकारी से समन्वय कर बने हुए स्ट्रक्चर को व्यवस्थित रूप से जोड़ने की बात कही। उन्होंने बच्चों के मध्यान्ह भोजन, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
वॉशरूम की स्थिति पर जताया असंतोष
निरीक्षण के दौरान मुणत ने परिसर में मौजूद वॉशरूम की दयनीय स्थिति पर असंतोष जाहिर किया और कहा कि स्वीकृत ₹15 लाख की राशि से प्राथमिकता पर स्वच्छ और हाइजीनिक वॉशरूम का निर्माण कराया जाए। यदि आवश्यकता हो तो अतिरिक्त बजट भी उपलब्ध कराया जाएगा, लेकिन निर्माण की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।
इस निरीक्षण दौरे के माध्यम से विधायक मुणत ने यह स्पष्ट संकेत दिया कि क्षेत्रीय विकास कार्यों में लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
