मध्य प्रदेश में आज 8 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, कई शहरों में बढ़ेगी गर्मी, रतलाम सबसे गर्म | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

मध्य प्रदेश में आज 8 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, कई शहरों में बढ़ेगी गर्मी, रतलाम सबसे गर्म

Date : 11-May-2026

 भोपाल, 11 मई । मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदला हुआ नजर आ रहा है। प्रदेश में सक्रिय दो टर्फ और एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से सोमवार को कई जिलों में आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं दूसरी तरफ भोपाल, इंदौर और उज्जैन संभाग के कई इलाकों में तेज गर्मी लोगों को परेशान करेगी।

मौसम विभाग के अनुसार बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी और अनूपपुर जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ बारिश हो सकती है। विभाग ने इन जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। रविवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बदला रहा। इंदौर, भोपाल, नर्मदापुरम, सागर, जबलपुर और शहडोल संभाग के करीब 18 जिलों में कहीं बादल छाए रहे तो कहीं हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली।

सोमवार को भोपाल, इंदौर, उज्जैन, रतलाम, राजगढ़, नीमच, मंदसौर, छतरपुर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, दतिया, शिवपुरी, अशोकनगर और शाजापुर में तेज गर्मी का असर बना रहेगा। प्रदेश में रविवार को कई शहरों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया। रतलाम में इस सीजन में पहली बार पारा 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। लगातार दूसरे दिन यहां प्रदेश का सबसे अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा शाजापुर में 44 डिग्री, धार में 42.4 डिग्री, खंडवा में 42.1 डिग्री और नर्मदापुरम में 42 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। रायसेन, नरसिंहपुर, सागर और गुना में भी पारा 40 डिग्री से ऊपर रहा।

प्रदेश के पांच बड़े शहरों में उज्जैन सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। भोपाल में 40.4 डिग्री, इंदौर में 41.9 डिग्री, ग्वालियर में 38.4 डिग्री और जबलपुर में 38.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 12 मई से प्रदेश में हीट वेव यानी लू चलने का अलर्ट जारी किया है। खासतौर पर इंदौर और उज्जैन संभाग के जिलों में गर्म हवाओं का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है।

प्रदेश में 30 अप्रैल से शुरू हुआ आंधी-बारिश का दौर 10 मई तक जारी रहा। इस दौरान कभी वेस्टर्न डिस्टरबेंस तो कभी चक्रवात और टर्फ सिस्टम के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिला। गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। दिनभर पर्याप्त पानी पीने, शरीर को हाइड्रेट रखने और दोपहर की तेज धूप से बचने की अपील की गई है। हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह भी दी गई है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement