भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का एक विराट अभियान है : अरुण सिंह | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का एक विराट अभियान है : अरुण सिंह

Date : 11-May-2026

 अयोध्या, 10 मई । रानोपाली स्थित उदासीन आश्रम में भारतीय जनता पार्टी के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदे मातरम् के साथ किया। प्रशिक्षण शिविर में विभिन्न सत्रों के माध्यम से पार्टी की विचारधारा, कार्यपद्धति, संगठन विस्तार, मीडिया प्रबंधन तथा देश के समक्ष चुनौतियों जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। सोमवार को दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का समापन होगा।

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने भाजपा के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का एक विराट अभियान है। उन्होंने कहा कि जनसंघ से लेकर भाजपा तक की यात्रा त्याग, समर्पण और राष्ट्र प्रथम की भावना से प्रेरित रही है। पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कठिन परिस्थितियों में भी संगठन को मजबूत करने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का इतिहास लोकतांत्रिक मूल्यों, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और अंत्योदय की भावना से जुड़ा हुआ है। आज पार्टी विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति बनकर देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। सत्र की अध्यक्षता प्रदेश महामंत्री व अवध क्षेत्र प्रभारी संजय राय ने किया।

द्वितीय सत्र को संबोधित करते हुए भाजपा क्षेत्रीय महामंत्री व महानगर प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने भाजपा की कार्यपद्धति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि भाजपा की कार्यशैली अन्य राजनीतिक दलों से अलग है। पार्टी सामूहिक नेतृत्व, संगठनात्मक अनुशासन और बूथ स्तर तक मजबूत संरचना के आधार पर कार्य करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा में प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण होती है और संगठन की मजबूती ही चुनावी सफलता का आधार बनती है। अध्यक्षता वर्ग अधिकारी व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राहुल राज रस्तोगी ने किया।

तीसरे सत्र में पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश पाण्डेय बादल ने देश के समक्ष चुनौतियों विषय पर अपने विचार रखते हुए कहा कि भारत आज वैश्विक स्तर पर तेजी से आगे बढ़ रहा है, लेकिन राष्ट्र विरोधी ताकतें देश की एकता और सामाजिक समरसता को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को राष्ट्रहित सर्वोपरि मानते हुए समाज में जागरूकता फैलानी होगी।

क्षेत्रीय मंत्री विनोद पटेल ने विचार परिवार विषय पर चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा का वैचारिक आधार राष्ट्रवाद, सांस्कृतिक चेतना और सेवा भाव पर आधारित है। विचार परिवार समाज के विभिन्न वर्गों के बीच समन्वय स्थापित कर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मंच संचालन जिला उपाध्यक्ष बाल कृष्ण वैश्य ने किया।

उद्घाटन सत्र में जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव, पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, शक्ति सिंह, पूर्व महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्र, ओम प्रकाश सिंह, सहकारी बैंक के सभापति धर्मेंद्र प्रताप सिंह टिल्लू, वासुदेव मौर्य, महामंत्री शैलेन्द्र कोरी, परमानंद मिश्र, शिवेन्द्र सिंह, अरविंद सिंह, तिलकराम मौर्या, शिवम्र शुक्ला, आशा गौड, रीना द्विवेदी सहित महानगर के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement