भारत ने रेल-आधारित मोबाइल लॉन्चर प्रणाली से मध्यम दूरी की अग्नि-प्राइम मिसाइल का सफल प्रक्षेपण किया है। यह अगली पीढ़ी की मिसाइल 2000 किलोमीटर तक की मारक क्षमता से लैस है और इसमें कई उन्नत तकनीकी विशेषताएं शामिल हैं। यह पहला प्रक्षेपण विशेष रूप से डिजाइन किए गए रेल-आधारित मोबाइल लॉन्चर से किया गया, जो रेल नेटवर्क पर बिना किसी पूर्व शर्त के संचालित हो सकता है। इससे देशभर में उच्च गतिशीलता मिलती है और कम दृश्यता के साथ कम प्रतिक्रिया समय में प्रक्षेपण संभव होता है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस सफल परीक्षण पर रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO), सामरिक बल कमान (SF, C) और सशस्त्र बलों को बधाई दी है। इस उड़ान परीक्षण की सफलता ने भारत को उन चुनिंदा देशों में शामिल कर दिया है जिनके पास रेल नेटवर्क से कैनिस्टराइज्ड मोबाइल लॉन्चर प्रणाली विकसित करने की क्षमता है।
