राष्ट्रपति आज मथुरा-वृंदावन में, विशेष रेलगाड़ी से पहुंचेंगी कान्हा के धाम | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

राष्ट्रपति आज मथुरा-वृंदावन में, विशेष रेलगाड़ी से पहुंचेंगी कान्हा के धाम

Date : 25-Sep-2025

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से एक विशेष रेलगाड़ी के माध्यम से वृंदावन (उत्तर प्रदेश) पहुंचेंगी। वृंदावन प्रवास के दौरान राष्ट्रपति श्री बांके बिहारी मंदिर, निधिवन और कुब्जा कृष्ण मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगी। वृंदावन में वे सुदामा कुटी भी जाएंगी। राष्ट्रपति मुर्मु मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मस्थान के दर्शन और पूजा करेंगी। यह जानकारी भारत सरकार के पत्र एवं सूचना कार्यालय (पीआईबी) ने विज्ञप्ति के जरिए अपने पोर्टल पर साझा की है।

बताया गया है कि दो साल बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ट्रेन का सफर करेंगी। द्रौपदी मुर्मु ने पिछली बार जून 2023 में इसी विशेष रेलगाड़ी से सफर किया था। तब वो भुवनेश्वर से अपने गृह नगर रायरंगपुर (ओडिशा) गई थीं। अब वह दो साल तीन महीने बाद दोबारा ट्रेन का सफर करने जा रही हैं। सुरक्षा के मद्देनजर वृंदावन तक रास्ते में पड़ने वाले रेलवे स्टेशनों और ओवरब्रिजों पर आरपीएफ और जीआरपी के जवान तैनात किए गए हैं। राष्ट्रपति सुबह 10 बजे वृंदावन पहुंचेंगी। यह विशेष रेलगाड़ी फरीदाबाद-पलवल होते हुए वृंदावन पहुंचेंगी।

रेलवे सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रपति के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से सुबह 8:30 बजे विशेष रेलगाड़ी से प्रस्थान करने की संभावना है। वो शाम को मथुरा से इस ट्रेन से दिल्ली वापस लौटेंगी। वो शाम 5:15 बजे मथुरा जंक्शन स्टेशन से बैठेंगी और 6:45 पर दिल्ली स्थित सफदरजंग रेलवे स्टेशन पहुंच जाएंगी। इस विशेष रेलगाड़ी को महाराजा एक्सप्रेस का रेक बताया गया है। यह ट्रेन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होती है। ट्रेन 16 कोच की है। राष्ट्रपति के साथ उनके स्टाफ के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement