महाराष्ट्र के अहिल्यानगर में धर्मगुरु का नाम हाइवे पर लिखने से तनाव, प्रदर्शनकारियों ने की पत्थरबाजी | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

महाराष्ट्र के अहिल्यानगर में धर्मगुरु का नाम हाइवे पर लिखने से तनाव, प्रदर्शनकारियों ने की पत्थरबाजी

Date : 29-Sep-2025

मुंबई, 29 सितंबर । महाराष्ट्र के अहिल्यानगर के कोटला गांव में सोमवार को धर्मगुरु का नाम पुणे-संभाजीनगर हाइवे पर लिखने से तनाव फैल गया है। इसका विरोध करते हुए एक विशेष समाज के लोगों ने पुणे-संभाजीनगर हाइवे पर मोर्चा निकालकर प्रदर्शन किया और हाइवे जाम कर दिया। इस दौरान पुलिस पर पत्थरबाजी की गई, जिससे पुलिस को प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने लोगों को अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि लोगों को शांति बनाए रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले भी इस तरह सामाजिक ध्रुवीकरण का प्रयास किया गया था। पुलिस पता लगाने का प्रयास कर रही है। कहीं यह सामाजिक ताना बाना बिगाडऩे की साजिश के तहत तो नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस घटना की तह तक जाएगी और लोगों को शांति बनाए रखना चाहिए।

अहिल्यानगर के जिला पुलिस अधीक्षक सोमनाथ घाडगे ने आज पत्रकारों को बताया कि एक शख्स ने आज सुबह हाइवे पर धर्मगुरु का नाम लिखकर रंगोली बनाया था। इसकी शिकायत मिलने के बाद उस शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन इसी घटना का विरोध करते हुए प्रदर्शनकारियों ने मोर्चा निकाल कर पुणे-संभाजीनगर हाइवे जाम कर दिया था। इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिस पर पत्थरबाजी कर दिया, जिससे पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस मामले में पुलिस पर पत्थरबाजी करने वालों को हिरासत में लिया गया है। इस मामले की छानबीन कोतवाली पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है। घाडगे आम नागरिकों को शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान देने की अपील की है।

स्थानीय सूत्रों ने बताया कि अहिल्यानगर के कोटला गाँव में हाइवे पर धर्मगुरु का नाम लिखे जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया था। इससे यहां एक समाज के लोग उग्र होकर सडक़ों पर उतर गए थे। हालांकि पुलिस प्रदर्शनकारियों को बता रही थी, धर्मगुरु का नाम हाइवे पर लिखने वाले को गिरफ्तार किया जा चुका है। लेकिन प्रदर्शनकारियों में से कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव शुरु कर दिया, जिससे पुलिस ने लाठीचार्ज कर प्रदर्शनकारियों को हाइवे से भगा दिया। इस घटना के बाद कोटला में तनावपूर्ण शांति व्याप्त है। विधानपरिषद के सभापति डॉ. राम शिंदे ने आम नागरिकों को शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने जिला एसपी से बात की और तत्काल शांति व्यवस्था स्थापित किए जाने का निर्देश दिया है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement