बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए अंतिम मतदाता सूची आज प्रकाशित की जाएगी। चुनाव आयोग इस सूची को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद ऑनलाइन जारी करेगा, जो आज दोपहर तक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध होगी। चुनाव इसी अद्यतन सूची के आधार पर कराए जाएंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय के अनुसार, मतदाता सूची की छपी हुई प्रतियाँ सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों-सह-जिलाधिकारियों को सौंपी जाएँगी। साथ ही, यह सूची सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों को भी उपलब्ध कराई जाएगी।
इस वर्ष 1 अगस्त को प्रकाशित मसौदा सूची में 7.24 करोड़ से अधिक मतदाताओं के नाम शामिल थे। जबकि 2024 के लोकसभा चुनाव में बिहार में मतदाताओं की कुल संख्या 7.89 करोड़ थी। एसआईआर अभियान के तहत लगभग 65 लाख ऐसे नाम सूची से हटाए गए जो या तो मृतक थे, राज्य से बाहर चले गए थे या सूची में दोहराए गए थे।
दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया के दौरान 16.59 लाख योग्य नागरिकों ने फॉर्म-6 भरकर अपने नाम जोड़ने के लिए आवेदन किया। वहीं, 36,000 से अधिक मतदाताओं ने नाम जोड़ने और 2.17 लाख ने नाम हटवाने के लिए आवेदन दिया। लगभग तीन लाख लोगों को दस्तावेज़ अपूर्ण रहने पर नोटिस जारी किए गए।
अंतिम मतदाता सूची में केवल वैध और सत्यापित नाम ही शामिल किए गए हैं। मृतक, स्थानांतरित या डुप्लिकेट मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं।
