विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने नई दिल्ली में एयरबस और इंडिगो के शीर्ष अधिकारियों के साथ एक उच्च-स्तरीय बैठक की। इस बैठक का उद्देश्य भारत के नागरिक उड्डयन क्षेत्र को सशक्त बनाना और भारत-यूरोप आर्थिक सहयोग को और गहरा करना था।
बैठक के दौरान आत्मनिर्भर भारत और सतत विकास के लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए प्रौद्योगिकी हस्तांतरण, विनिर्माण साझेदारी और हरित विमानन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
डॉ. जयशंकर ने इस मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया साझा करते हुए कहा कि उन्हें अपने कैबिनेट सहयोगी के साथ एयरबस और इंडिगो के नेतृत्व से मिलकर खुशी हुई। उन्होंने भारत और यूरोप के बीच प्रगति कर रहे संबंधों पर ज़ोर देते हुए, भारत में हो रहे तेज़ बुनियादी ढाँचे के विकास और आर्थिक बदलाव को रणनीतिक अवसर के रूप में रेखांकित किया।
यह बैठक भारत के विमानन क्षेत्र को वैश्विक मानकों तक ले जाने और विदेशी निवेश व सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
