भारतीय वायु सेना के परीक्षण पायलट और अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर जाने वाले पहले भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने कल नई दिल्ली में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव संजय कुमार से मुलाकात की।
शिक्षा मंत्रालय ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि इस बैठक में ‘विकसित भारत बिल्डथॉन 2025’ को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस सोच से जुड़ी है, जिसके तहत छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता और नवाचार को प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि वे विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान दे सकें।
बैठक के दौरान यह भी घोषणा की गई कि शुभांशु शुक्ला को इस अभियान का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया गया है। उनके अनुभव और प्रेरक यात्रा से छात्रों को विज्ञान और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
‘विकसित भारत बिल्डथॉन 2025’ का उद्देश्य युवाओं में समस्या समाधान आधारित सीखने और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देना है, जो भारत को वैश्विक स्तर पर ज्ञान और नवाचार का केंद्र बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
