ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर आज से दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर भारत आ रहे हैं। यह उनकी भारत की पहली आधिकारिक यात्रा है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि प्रधानमंत्री स्टारमर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल मुंबई में ‘विज़न 2035’ के तहत भारत-ब्रिटेन व्यापक रणनीतिक साझेदारी के विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे।
यह साझेदारी व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, नवाचार, रक्षा, सुरक्षा, जलवायु, ऊर्जा, स्वास्थ्य, शिक्षा और लोगों के बीच संबंधों जैसे महत्वपूर्ण स्तंभों को शामिल करते हुए एक केंद्रित और समयबद्ध 10-वर्षीय रोडमैप तैयार करती है।
दोनों नेता भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते के तहत नए अवसरों का पता लगाने के लिए व्यापार एवं उद्योग प्रतिनिधियों से भी बातचीत करेंगे, जो भविष्य में आर्थिक साझेदारी का एक प्रमुख आधार होगा। इसके अलावा, वे क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार साझा करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी और कीर स्टारमर मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट के छठे संस्करण में भी भाग लेंगे और मुख्य भाषण देंगे। इस दौरान दोनों नेता उद्योग विशेषज्ञों, नीति निर्माताओं और नवप्रवर्तकों से भी मिलेंगे। यह यात्रा भारत और यूनाइटेड किंगडम के बीच दूरदर्शी साझेदारी को और मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर साबित होगी।
