चुनाव से पहले बंगाल में मतदाता सूची पुनरीक्षण की तैयारी, आज होगी समीक्षा बैठक | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

चुनाव से पहले बंगाल में मतदाता सूची पुनरीक्षण की तैयारी, आज होगी समीक्षा बैठक

Date : 08-Oct-2025



कोलकाता, 08 अक्टूबर । भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) की उच्चस्तरीय टीम आज कोलकाता में राज्य मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय में बैठक कर पश्चिम बंगाल के सभी जिलों में विधानसभा क्षेत्रवार मैपिंग की प्रगति की समीक्षा करेगी। यह बैठक राज्य में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया की तैयारी के तहत आयोजित की जा रही है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के अनुसार, आयोग ने विधानसभा क्षेत्रवार सटीक मैपिंग को अत्यंत महत्वपूर्ण माना है, ताकि जमीनी स्तर की वास्तविक स्थिति के आधार पर एसआईआर प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके। एक अधिकारी ने बताया, “आयोग इस बात पर विशेष जोर दे रहा है कि प्रत्येक जिले में क्षेत्रवार मैपिंग सही और समय पर पूरी हो।”

बैठक में एक और अहम मुद्दा बूथ-स्तरीय अधिकारियों की नियुक्ति में कथित अनियमितताओं का भी होगा। सूत्रों के मुताबिक, कुछ जिलों के लगभग 2,000 बूथों पर इस संबंध में शिकायतें मिली हैं। जिन जिलों में मैपिंग की प्रगति धीमी पाई जाएगी, वहां के जिलाधिकारियों और जिला निर्वाचन अधिकारियों से ईसीआई टीम सीधे जवाब मांगेगी।

यह समीक्षा बैठक चुनाव आयोग के उप निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश भारती की अध्यक्षता में होगी। आयोग के सूचना प्रौद्योगिकी महानिदेशक, अन्य वरिष्ठ अधिकारी, राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल और सभी वरिष्ठ जिला स्तरीय चुनाव अधिकारी इसमें शामिल होंगे।

हालांकि, उत्तर बंगाल के जिलों के जिलाधिकारी और अधीनस्थ अधिकारी इस बैठक से मुक्त रखे गए हैं, क्योंकि वे हालिया भारी वर्षा और भूस्खलन के बाद राहत और पुनर्वास कार्यों में व्यस्त हैं। आयोग ने निर्णय लिया है कि इन जिलों के अधिकारियों के साथ बाद में स्थिति सामान्य होने पर एक अलग वर्चुअल बैठक आयोजित की जाएगी।

ईसीआई की केंद्रीय टीम मंगलवार रात कोलकाता पहुंच चुकी है। नौ अक्टूबर को टीम के वरिष्ठ अधिकारी कुछ जिलों का दौरा करेंगे और वहां के जिला स्तरीय चुनाव अधिकारियों के साथ सीधे संवाद करेंगे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement