केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का दौरा कर नवनिर्मित यात्री सुविधा केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि यह सुविधा केंद्र यात्रियों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने और स्टेशन के आसपास भीड़ कम करने के उद्देश्य से बनाया गया है। सभी टिकट काउंटर इस केंद्र में स्थानांतरित किए गए हैं ताकि टिकट खरीदना आसान हो सके।
यात्रियों की सुविधा के लिए यहां स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीनें, 150 से अधिक शौचालय और पेयजल डिस्पेंसर लगाए गए हैं। मंत्री ने यह भी बताया कि त्योहारों के दौरान भीड़ को देखते हुए देश के 76 अन्य रेलवे स्टेशनों पर भी इसी तरह के स्थायी होल्डिंग एरिया बनाए जाएंगे।
अश्विनी वैष्णव ने आगामी दिवाली और छठ पूजा जैसे त्योहारों को ध्यान में रखते हुए विशेष रेलगाड़ियों की संख्या बढ़ाने की भी जानकारी दी। कुल 12 हजार विशेष रेलगाड़ियों में से लगभग 10,700 की अधिसूचना जारी की जा चुकी है, ताकि यात्रियों को बेहतर सेवा मिल सके।
