प्रसिद्ध गीतकार प्रसून जोशी मंगलवार को किशोर कुमार सम्‍मान से होंगे अलंकृत | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

प्रसिद्ध गीतकार प्रसून जोशी मंगलवार को किशोर कुमार सम्‍मान से होंगे अलंकृत

Date : 13-Oct-2025

खंडवा, 13 अक्टूबर। मध्य प्रदेश के खंडवा में प्रसिद्ध गीतकार प्रसून जोशी मंगलवार को किशोर कुमार सम्‍मान से अलंकृत होंगे।

बहुमुखी प्रतिभा के धनी हरफनमौला कलाकार स्वर्गीय किशोर कुमार की पुण्यतिथि के अवसर पर दो दिवसीय अलंकरण समारोह सोमवार शाम से पुलिस परेड ग्राउंड में शुरू हो रहा है। समारोह के पहले दिन स्थानीय कलाकार किशोर कुमार के लोकप्रिय नगमे प्रस्तुत करेंगे। वहीं, मंगलवार को गीतकार प्रसून जोशी को किशोर कुमार सम्मान से अलंकृत किया जाएगा। अलंकरण समारोह के बाद हेमंत कुमार म्यूजिकल ग्रुप, मुंबई द्वारा किशोर कुमार के गीतों की सुमधुर प्रस्तुति दी जाएगी।

संस्‍कृति संचालक एनपी नामदेव ने बताया कि महान गायक किशोर कुमार की पुण्‍यतिथि के अवसर पर संस्‍कृति विभाग परम्‍परा के अनुसार यह आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष यह आयोजन दो दिवसीय हो रहा है। पहले दिन आज सायं 7 बजे से "ये शाम मस्‍तानी" गीत-संगीत संध्‍या के अंतर्गत किशोर कुमार के सदाबहार गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी। समारोह में राकेश नागर, नुपुर कौशल, अनिल शर्मा, अजीत श्रीवास्‍तव- इंदौर एवं भीमराव अटकड़े, गौरव खरे, राजा शर्मा, रोशनी पहलवान, जितेन्‍द्र भांवरकर एवं तोरल बखशी गीतों की प्रस्‍तुति देंगे।

कार्यक्रम के दूसरे दिन मंगलवार, 14 अक्‍टूबर को सायं 7 बजे से राष्‍ट्रीय किशोर कुमार सम्‍मान अलंकरण का आयोजन होगा। इसमें सुविख्‍यात गीतकार प्रसून जोशी को गीत लेखन के लिए वर्ष- 2024 के राष्‍ट्रीय किशोर कुमार सम्‍मान से अलंकृत किया जाएगा। अलंकरण के बाद हेमंत कुमार म्यूजिकल ग्रुप मुम्‍बई द्वारा किशोर कुमार के गीतों की सुमधुर प्रस्‍तुति दी जाएगी। दोनों ही दिन कार्यक्रम में प्रवेश नि:शुल्‍क रहेगा। राष्ट्रीय स्तर के इस समारोह में सिनेमा जगत की कई हस्तियां जुटेंगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गायक स्व. किशोर कुमार को दी श्रद्धांजलि

मध्य प्रदेश मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के गौरव, प्रख्यात गायक एवं अभिनेता किशोर कुमार की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने सोमवार को सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि कहा कि हिंदी फिल्म जगत की अमिट पहचान रहे गायक स्व. किशोर कुमार की मन को आनंदित और हृदय को स्पंदित करती आवाज ने अनगिनत गीतों को अमर बना दिया। गीत-संगीत के प्रति उनका समर्पण नवीन प्रतिभाओं के लिए सदैव प्रेरणादायी होगा।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement