भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में घने कोहरे की संभावना जताई है। वहीं, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जारी किया गया है। इसके अतिरिक्त, लक्षद्वीप के कुछ क्षेत्रों में भी आज भारी बारिश की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने बताया कि अगले चार दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में लगभग 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। साथ ही, अंडमान सागर, उत्तरी तमिलनाडु तट, दक्षिण और मध्य बंगाल की खाड़ी, मन्नार की खाड़ी और कोमोरिन क्षेत्र के आसपास तेज़ हवाओं के चलने की भी संभावना है।
इस बीच, दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता अत्यंत खराब स्तर पर बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, सुबह 7 बजे तक दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 396 दर्ज किया गया। बिगड़ती वायु गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के तीसरे चरण को लागू कर दिया है।
